गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर इलाके में सोमवार रात कथित तौर पर दो बेटों ने संपत्ति विवाद के चलते अपने ही माता-पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संपत्ति विवाद के बीच हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान गंगाशरण और उनकी पत्नी विमलेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि माता-पिता ने अपने दोनों बेटों दीपक और ललित को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। साथ ही दोनों के स्थायी रोजगार न होने के कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
सोमवार रात इसी मुद्दे को लेकर परिवार में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोनों बेटों ने अपने माता-पिता पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी घर में रहने वाले एक किराएदार ने डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में गंगाशरण के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा दम घोंटकर हत्या किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस क्या बोली?
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फोरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और विवाद की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है।