नई दिल्ली: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने कार्यकाल को लेकर एक बड़ा राजनीतिक रिकॉर्ड बनाया है। उनकी सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर इटली के द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाली सरकार का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी को बधाई दी और उनके नेतृत्व की तारीफ की।
PM मोदी ने मेलोनी को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी। उन्होंने मेलोनी को अपनी मित्र बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने कहा, “मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली के लोगों के भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।”
भारत-इटली संबंधों का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेलोनी की दोस्ती ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
पीएम मोदी ने कहा, “उनकी दोस्ती ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं हमारे दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए उनके साथ मिलकर करीबी सहयोग जारी रखने की उम्मीद करता हूं।”
1,413 दिन पूरे कर बनाया रिकॉर्ड
जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने 4 सितंबर 2026 को लगातार 1,413 दिन पूरे किए। इसके साथ ही उनकी सरकार ने सिल्वियो बर्लुस्कोनी के 2001-2005 के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इटली में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद राजनीतिक अस्थिरता का लंबा इतिहास रहा है, ऐसे में यह उपलब्धि काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मेलोनी ने भी जताई खुशी
इस रिकॉर्ड पर जॉर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे कृतज्ञता और जिम्मेदारी की भावना से स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार की स्थिरता किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि गठबंधन और इटली की जनता के भरोसे का परिणाम है।