गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। हाटीगांव इलाके में 25 वर्षीय रिया तालुकदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस को उसका शव बसिष्ठपुर बाइलेन स्थित घर से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि वारदात को उसके पति रामानुजन गोस्वामी ने अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, क़त्ल के बाद शव के साथ बर्बरता की गई और महिला के सिर को एक काले पॉलीथीन बैग में रखकर फ्रिज में छिपाया गया था। महिला की उंगलियां काटे जाने की बात भी जांच में सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पड़ोसियों को घर से आ रही थी तेज दुर्गंध
मामला तब सामने आया जब पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां महिला की हत्या का पता चला। पुलिस का अनुमान है कि हत्या शव बरामद होने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई होगी।
पूछताछ मे सामने आया कि सोमवार को रिया और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद रामानुजन रात करीब 8 बजे घर से निकल गया था। पुलिस अब इस घटनाक्रम को हत्या से जोड़कर देख रही है और आरोपी पति की भूमिका समेत वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बुटीक में काम करती थी रिया
पुलिस के अनुसार, रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। वह मूल रूप से नूनमती की रहने वाली थी। उसके माता-पिता नहीं थे और परिवार में उसका एक भाई बताया गया है।
वहीं, रामानुजन गोस्वामी का पैतृक घर गौरीपुर में बताया जा रहा है। पुलिस अब दोनों के रिश्ते, घरेलू विवाद और हत्या के पीछे की संभावित वजहों की पड़ताल कर रही है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की सच्चाई सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस संदिग्ध पति की तलाश और घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है। जांच के आगे बढ़ने के साथ हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है।