नोएडा: दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता का नोएडा में निधन हो गया है। उन्होंने सेक्टर 82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी के अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राकेश मेहता 2007 से 2010 के बीच दिल्ली सरकार में मुख्य सचिव के पद पर तैनात थे। शीला दीक्षित सरकार के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। दिल्ली में लो-फ्लोर बसों की शुरुआत उन्हीं के कार्यकाल में हुई थी। इसके अलावा, एमसीडी में भी उनकी महत्वपूर्ण तैनाती रही थी।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा उठाए गए इस कदम से प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।