मुंबई में स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है. बांद्रा स्थित अमेरिकन स्कूल के अलावा नवी मुंबई के ऐरोली और खारघर स्थित VIBGYOR हाई स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. वहीं, एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेज दिया गया.
ईमेल में अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ के नाम
धमकी भरे ईमेल में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ समेत कई चर्चित हस्तियों का जिक्र किया गया है. हालांकि, मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अमिताभ बच्चन को व्यक्तिगत रूप से कोई धमकी नहीं मिली है. उनका नाम स्कूल को भेजे गए ईमेल में शामिल था.
पुलिस और साइबर सेल ने शुरू की जांच
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने संबंधित स्कूल परिसरों की तलाशी ली. इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. मामले की जांच में बीकेसी थाना पुलिस और साइबर सेल जुटे हैं. अधिकारी ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर से जुड़ी जानकारी जुटाकर संदेश भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं.
ईमेल में खालिस्तान आर्मी का उल्लेख
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूलों को भेजे गए ईमेल में ‘खालिस्तान आर्मी’ का भी जिक्र किया गया है. संदेश में पंजाब से जुड़े एक संवेदनशील विषय का उल्लेख होने की बात सामने आई है.
BMC मुख्यालय को भी मिला संदिग्ध ईमेल
इस बीच, मुंबई महानगरपालिका (BMC) को भी इसी तरह का एक संदिग्ध ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद बीएमसी मुख्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया गया. अधिकारियों को वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर भी सतर्कता
दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कार्यक्रम प्रस्तावित होने की जानकारी के बीच इस धमकी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. फिलहाल पुलिस ईमेल की प्रामाणिकता, उसके स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान की जांच कर रही है.