बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां हलासुरू इलाके के एक पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. मृतकों में एक जर्मनी और दूसरा स्लोवाकिया का रहने वाला था. वहीं, हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें एक अमेरिकी नागरिक और होटल का भारतीय पूल अटेंडेंट शामिल है.
यह घटना शुक्रवार शाम हलासुरू स्थित कॉनराड होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पूल में नहाने के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को अचानक करंट लग गया. करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
बचाने की कोशिश में अमेरिकी नागरिक और पूल अटेंडेंट घायल
हादसे के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने के लिए अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और होटल के भारतीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी ने कोशिश की. इस दौरान दोनों भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए. आनन-फानन में उन्हें मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
बेंगलुरु ईस्ट डिवीजन के डीसीपी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हलासुरू के पांच सितारा होटल में संदिग्ध रूप से करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हुई है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्विमिंग पूल में करंट कैसे उतरा और इसके पीछे तकनीकी खराबी या कोई अन्य वजह थी.


