जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है. दोनों ने 31 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की जानकारी साझा की. उमर अब्दुल्ला ने निधि के साथ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “A new journey began yesterday” यानी कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई. वहीं, निधि राजदान ने भी अपनी पोस्ट में हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा, “It’s done bro”।
दोनों की पोस्ट से पता चला कि शादी 30 अक्टूबर को हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारोह निजी रखा गया और इसमें दोनों परिवारों के करीबी लोग शामिल हुए. इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक और मीडिया जगत में दोनों को बधाइयां मिलने लगीं.
सोशल मीडिया पोस्ट से दी शादी की जानकारी
उमर अब्दुल्ला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर निधि राजदान के साथ तस्वीरें साझा करते हुए नए सफर की शुरुआत की बात कही. उन्होंने अपनी पोस्ट में निधि को टैग भी किया. दूसरी ओर, निधि राजदान ने भी अंगूठी वाले इमोजी के साथ ‘It’s done bro’ लिखकर शादी की जानकारी साझा की.
सुप्रीम कोर्ट से तलाक के तीन महीने बाद की शादी
उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है. इससे पहले उनकी शादी पायल अब्दुल्ला से हुई थी. दोनों के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था और वे कई वर्षों से अलग रह रहे थे. 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति से उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला का विवाह समाप्त कर दिया था. अदालत ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत यह आदेश दिया था. दोनों के दो बेटे हैं.
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार और पूर्व टीवी एंकर हैं. उन्होंने लंबे समय तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग की है. वह NDTV के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘Left, Right & Centre’ की एंकर भी रह चुकी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाली निधि राजदान की उमर अब्दुल्ला के साथ शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा का विषय बन गई है.
निजी समारोह में हुई शादी, सामने आईं तस्वीरें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने 30 अक्टूबर को निजी समारोह में शादी की. समारोह में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और रिश्तेदार शामिल हुए, उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी की घोषणा के बाद दोनों को शुभकामनाएं मिल रही हैं, मुख्यमंत्री के निजी जीवन से जुड़ी इस खबर ने राजनीतिक और मीडिया जगत में भी लोगों का ध्यान खींचा है.


