एकता नगर (गुजरात): देशभर में आज 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के एकता नगर पहुंचे, जहां लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने एकता परेड की सलामी ली और देशवासियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
इस भव्य आयोजन में एंटी-नक्सल अभियान से जुड़े सुरक्षा बलों, डॉग स्क्वाड और 5 हजार से अधिक कलाकारों ने हिस्सा लिया। परेड के दौरान देश की सैन्य शक्ति, सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा के प्रति हर नागरिक की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया।
PM मोदी ने दिलाई देश की सुरक्षा की शपथ
एकता परेड के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ के जरिए देशवासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
शपथ में कहा गया, “मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा।”
इसमें सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का भी संकल्प लिया गया। शपथ का समापन ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर PM मोदी ने सरदार पटेल को किया नमन
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण और देश के एकीकरण में पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उनकी इसी दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व के सम्मान में हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।
एकता नगर को 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर को 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इन परियोजनाओं में 47 हजार वर्ग मीटर में विकसित रेन फॉरेस्ट और 220 मीटर लंबे ग्लास स्काईवॉक का उद्घाटन शामिल है।
इसके अलावा भारत के सबसे बड़े बोनसाई गार्डन की शुरुआत की गई। वहीं, पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 127 कमरों वाले IRCTC होटल की भी शुरुआत की गई है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य एकता नगर में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देना और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने एक मजबूत, समृद्ध और सक्षम भारत के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन के जरिए देशवासियों को एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।


