‘ज्ञानेश को जाना होगा’, रामलीला मैदान में राहुल से लेकर ममता तक ने भरी हुंकार

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली का आयोजन किया.
रामलीला
रामलीला मैदान में राहुल से ममता तक ने भरी हुंकार

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया. इस रैली में राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए. महारैली के जरिए विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई. नेताओं ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के गंभीर आरोप लगाए. मंच से विपक्षी नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी को भी निशाने पर लिया.

अखिलेश यादव बोले- बीजेपी वोट चोरी करने में सबसे आगे

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान से बीजेपी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव में वोट चोरी करने का काम कर रही है और विपक्ष ने उसकी कथित गड़बड़ियों को पकड़ लिया है. अखिलेश ने कहा कि जनता जागरूक हो रही है और अब इसका जवाब दिया जाएगा.

अखिलेश यादव ने कहा, “चंदा चोरी करने वाले बचेंगे नहीं, परिवर्तन कभी भी आ सकता है. बीजेपी वोट चोरी करने में सबसे आगे. हमने इनकी चोरी पकड़ ली है. जनता जागी तो ये कार्रवाई कर रहे हैं. यूपी वाले स्वागत से बेहतर विदाई करते हैं। एक-एक लाठी का जवाब देश का युवा देगा.”

तेजस्वी यादव ने की ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. तेजस्वी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया.

तेजस्वी यादव ने कहा, “ज्ञानेश कुमार को जेल जाना होगा. ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए. हम लोकतंत्र को मिट्टी में मिलने नहीं देंगे. आज के शकुनी कौन हैं और पासा कौन है.”

राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार जेल जाएगा, यह आम चोरी नहीं है

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह रैली किसी एक राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की आवाज है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए गए और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया.

राहुल गांधी ने कहा, “ये हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है, ये देश के किसानों की आवाज है, ये किसी पार्टी या नेताओं की आवाज नहीं है, हम लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे.”

उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी सवाल उठाए और दावा किया कि चुनाव के बाद 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए. उन्होंने दिल्ली, बंगाल और बिहार समेत विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में भी कथित वोट चोरी का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने कहा, “ज्ञानेश कुमार जेल जाएगा, ये कोई आम चोरी नहीं है, ये हिंदुस्तान और हर नागरिक की आवाज की चोरी है.” राहुल गांधी ने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कथित वोट चोरी नहीं हुई होती तो आज देश की सत्ता की तस्वीर अलग होती.

उन्होंने कहा, “अगर ज्ञानेश कुमार वोट चोरी नहीं करता तो ये अमित शाह गृह मंत्री नहीं बनता और नरेंद्र मोदी देश का प्रधानमंत्री नहीं बनते.” इसके अलावा राहुल गांधी ने देश के बड़े उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि देश की संपत्ति का बड़ा हिस्सा दो लोगों के पास जा रहा है.

ममता बनर्जी का आरोप

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी महारैली के मंच से चुनाव आयोग और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।

ममता बनर्जी ने कहा, “ज्ञानेश कुमार ने SIR का मतलब BJP के लिए Special Intensive Relief बना दिया है। इन लोगों ने ‘वोट चोरी’ के जरिए देश के लोकतंत्र और संविधान को लूटा है, उसके ऊपर हमला किया है। BJP ने युवाओं की नौकरी चोरी की, महिलाओं का सम्मान चोरी किया, चंदा चोरी किया। हमें इन्हें सत्ता से हटाना होगा।”

खरगे बोले- मोदी तय कर रहे हैं कि वोट कौन डालेगा

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “आज देश में नरेंद्र मोदी तय कर रहे हैं कि वोट कौन डालेगा। हालात ये हैं कि जनता उन्हें नहीं चुन रही, वो वोटर को चुनकर प्रधानमंत्री बने बैठे हैं। केंद्र की सरकार हो या फिर महाराष्ट्र, बिहार, यूपी की सरकार हो, ये सब चोरी से बनाई गई हैं। हमें इन चोरों को सत्ता से बाहर करना है। मोदी को हटाएंगे तभी लोकतंत्र बचा पाएंगे।”

एमए बेबी ने पीएम मोदी को बताया ‘असत्य का महाराजा’

INDIA गठबंधन की महारैली में सीपीआई (एम) के राष्ट्रीय महासचिव एमए बेबी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा, एमए बेबी ने कहा, “नरेंद्र मोदी असत्य के महाराजा हैं। वो महिलाओं, किसानों सबसे झूठ बोलते हैं। इस देश में उनका फासीवाद नहीं चलेगा। ‘वोट चोरी’ खत्म करने के लिए, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने के लिए हमें एकजुट होकर लड़ना होगा।”

फारूक अब्दुल्ला बोले- मुसलमानों को पाकिस्तानी बताना बंद करो

जम्मू-कश्मीर के नेता फारूक अब्दुल्ला ने भी अपने संबोधन में बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा, फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “मुसलमानों को हर वक्त ये लोग उंगली उठाते हैं और कहते हैं कि ये पाकिस्तानी हैं। मैं BJP और RSS के लोगों से कहता हूं कि हम इसी वतन में रहेंगे। हमने पहले भी इस वतन के लिए खून दिया है और आगे भी इसी वतन के लिए खून देते रहेंगे।” केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “इनसे मत डरिए, ये जाएंगे।”

नेहा बोरा ने वोट के अधिकार और बराबरी का उठाया मुद्दा

महारैली में AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा ने भी अपनी बात रखी। नेहा बोरा ने कहा, “भारत में हर व्यक्ति का दर्जा बराबर होगा और यह बराबरी हमारे एक वोट से तय होती है। जब आप हमसे वह वोट छीन लेते हैं और हमें अपने ही देश में बाहरी बताकर दूसरे दर्जे का नागरिक बना देते हैं। इस देश के मुसलमान, महिलाएं, दलित, आदिवासी और गरीब मजदूर तो आप बार-बार उन्हें लंबी कतारों में खड़ा करते हैं और उनसे सबूत मांगते हैं कि वे भारत के नागरिक हैं।”

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर एकजुट हुआ विपक्ष

रामलीला मैदान की इस महारैली में INDIA गठबंधन के नेताओं ने एक मंच पर आकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। विपक्षी दलों ने SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लोकतंत्र तथा संविधान से जुड़ा मुद्दा बताया। वहीं, चुनाव आयोग का पक्ष है कि मतदाता सूची संशोधन का उद्देश्य डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना है, न कि किसी राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाना। आयोग ने राजनीतिक पक्षपात के आरोपों को खारिज किया है।

संबंधित खबरें

‘ज्ञानेश को जाना होगा’, रामलीला मैदान में राहुल से लेकर ममता तक ने भरी हुंकार

‘विदेश से आदेश आया कि…’, अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला, राहुल गांधी को घेरा

CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- चार बार की सरकार में पाले 10 लाख गुंडे, कराए 1500 से ज्यादे दंगे

गेंदबाजों ने फिर कटाई भारत की किरकिरी, सीफर्ट-फिलिप्स ने की जमकर धुनाई, पांचवें टी20 में भी मिली हार

‘1984 के सिख नरसंहार के लिए राहुल गांधी मांगे माफी……’, नितिन नवीन का कॉंग्रेस पर तीखा हमला

Recommended Stories

‘ज्ञानेश को जाना होगा’, रामलीला मैदान में राहुल से लेकर ममता तक ने भरी हुंकार

‘विदेश से आदेश आया कि…’, अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला, राहुल गांधी को घेरा

CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- चार बार की सरकार में पाले 10 लाख गुंडे, कराए 1500 से ज्यादे दंगे

गेंदबाजों ने फिर कटाई भारत की किरकिरी, सीफर्ट-फिलिप्स ने की जमकर धुनाई, पांचवें टी20 में भी मिली हार

‘1984 के सिख नरसंहार के लिए राहुल गांधी मांगे माफी……’, नितिन नवीन का कॉंग्रेस पर तीखा हमला