अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- ‘नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं’

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला
अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला

हैदराबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को हैदराबाद में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह असली संसद में प्रधानमंत्री नहीं बन सकते, इसलिए मॉक पार्लियामेंट में ही यह पद हासिल कर सकते हैं. शाह ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली को ‘वोट बचाओ रैली’ के बजाय ‘घुसपैठिया बचाओ रैली’ करार दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR प्रक्रिया का विरोध कर बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटने से बचाना चाहती है.

‘कांग्रेस की रैली वोट बचाओ नहीं, घुसपैठिया बचाओ रैली थी’

हैदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी की रैली को वोट बचाओ रैली बताया गया, जबकि उनके मुताबिक इसका मकसद घुसपैठियों को बचाना था. उन्होंने कहा कि बीजेपी SIR के समर्थन में खड़ी है और देश की मतदाता सूची में केवल भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए. शाह ने राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे जितना विरोध करना चाहें कर लें, बीजेपी एक-एक घुसपैठिए को मतदाता सूची और देश से बाहर निकालने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए विपक्ष के वोट बैंक हैं.

राहुल गांधी को मॉक पार्लियामेंट में प्रधानमंत्री बनने का तंज

अमित शाह ने कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “नकली संसद में आप एक बार प्रधानमंत्री बन जाओ, क्योंकि असली संसद में वो नहीं बन पाएंगे। मॉक पार्लियामेंट में बन जाएंगे.” शाह ने आगे कहा कि राहुल गांधी इस तरह चुनाव नहीं जीत सकते. उन्हें जनता की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना चाहिए. गृह मंत्री ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया.

विशेष सत्र की चुनौती, बोले- संसद में आकर चर्चा कीजिए

गृह मंत्री ने राहुल गांधी को संसद का विशेष सत्र बुलाने की चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी चर्चा के लिए तैयार है. उन्होंने कहा, “मैं चैलेंज देता हूं, हम विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। आ जाइए, चर्चा कीजिए.” शाह ने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में चर्चा करने के बजाय अराजकता के जरिए सुर्खियों में बने रहना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो ईवीएम पर सवाल उठाती है, जबकि जिन राज्यों में उसकी सरकार बनी है, वहां चुनाव परिणामों को स्वीकार कर लिया जाता है. उन्होंने तेलंगाना, केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत का हवाला देते हुए विपक्ष के रुख पर सवाल उठाया.

13 करोड़ वोट हटाने के आरोप पर अमित शाह का जवाब

राहुल गांधी की ओर से मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने के आरोप पर भी अमित शाह ने जवाब दिया. उन्होंने दावा किया कि हटाए गए नामों में करीब 6.25 करोड़ ऐसे लोग थे, जो दूसरी जगह चले गए थे. इसके अलावा 2.8 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि एक करोड़ नाम डुप्लीकेट एंट्री के थे. शाह ने करीब तीन करोड़ नामों को ऐसे मतदाताओं से जोड़ते हुए दावा किया कि उनका कोई वास्तविक अस्तित्व नहीं था और वे बांग्लादेशी घुसपैठिए थे. उन्होंने सवाल किया कि जो लोग दूसरी जगह चले गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए?

‘SIR की वजह से नहीं, मतदाताओं की वजह से जीतती है बीजेपी’

अमित शाह ने चुनावी जीत का श्रेय SIR को दिए जाने के आरोपों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2014, 2019 और 2024 में चुनाव मतदाताओं के समर्थन से जीते, शाह ने महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, असम और अन्य राज्यों में बीजेपी की चुनावी सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने का आरोप लगाया.

कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपये के घोटालों का आरोप

अपने भाषण में अमित शाह ने कांग्रेस के पिछले शासनकाल पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने 10 साल के शासन में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले किए. इसके विपरीत उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल में उन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप साबित नहीं हुआ है. शाह ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी वेंटिलेटर पर है और प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजनीतिक मुकाबले में नहीं टिक सकती.

तेलंगाना सरकार पर ‘RR टैक्स’ को लेकर निशाना

अमित शाह ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर भी हमला बोला. उन्होंने राज्य में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ‘RR टैक्स’ शब्द का इस्तेमाल किया. शाह ने तंज कसते हुए कहा कि यह रेवंत रेड्डी टैक्स नहीं, बल्कि ‘राहुल गांधी थ्रू रेवंत रेड्डी टैक्स’ है.

उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना में भ्रष्टाचार और राज्य के संसाधनों को लेकर गलत गतिविधियां हो रही हैं. शाह ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस के दावों का जवाब देंगे. उन्होंने राज्य में दो-तिहाई बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनाने की अपील भी की.

सरदार पटेल का किया जिक्र

हैदराबाद में पदयात्रा के दौरान अमित शाह ने सरदार वल्लभभाई पटेल का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अगर सरदार पटेल ने हैदराबाद के निजाम को नहीं झुकाया होता, तो हैदराबाद आज भारत का हिस्सा नहीं होता. शाह ने कहा कि पटेल के प्रयासों से ही हैदराबाद का भारत में विलय संभव हुआ. बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा के पास से शुरू होकर मोजमजाही मार्केट में समाप्त हुई. इसमें केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार और तेलंगाना बीजेपी के अन्य नेता भी शामिल हुए. यह मार्च दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली के एक दिन बाद आयोजित किया गया था.

संबंधित खबरें

दिल्ली-NCR में GRAP-2 लागू, अब महंगी होगी पार्किंग, सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग भी बदलेगी, जानें नए नियम…

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- ‘नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं’

‘भारत में रहते हो, कमाते हो तो नागरिकता क्यों नहीं लेते?’ इमरान खान को प्रदर्शन मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट की फटकार

अहमदाबाद में पिता ने इकलौते बेटे की दी बलि, देवी की वेदी पर सिर पटकर की हत्या

दिवाली पर दिल्ली-NCR में जलेंगे ग्रीन पटाखे, सुप्रीम कोर्ट ने दी इजाजत, जानें क्या हैं शर्तें

Recommended Stories

दिल्ली-NCR में GRAP-2 लागू, अब महंगी होगी पार्किंग, सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग भी बदलेगी, जानें नए नियम…

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- ‘नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं’

‘भारत में रहते हो, कमाते हो तो नागरिकता क्यों नहीं लेते?’ इमरान खान को प्रदर्शन मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट की फटकार

अहमदाबाद में पिता ने इकलौते बेटे की दी बलि, देवी की वेदी पर सिर पटकर की हत्या

दिवाली पर दिल्ली-NCR में जलेंगे ग्रीन पटाखे, सुप्रीम कोर्ट ने दी इजाजत, जानें क्या हैं शर्तें