IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की टीमें बदलीं

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे, जबकि पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं। IPL ने बुधवार, 11 नवंबर को दोनों खिलाड़ियों के ट्रेड पर आधिकारिक मुहर लगा दी।
IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की टीमें बदलीं

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा खिलाड़ी ट्रेड पूरा हो गया है. भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में शामिल होंगे, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगे. दोनों खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब IPL की आधिकारिक घोषणा के साथ विराम लग गया है.

हार्दिक को मिली 18 करोड़ रुपये की फीस

इस ट्रेड में हार्दिक पांड्या को उनकी पिछली फीस से अधिक रकम मिलेगी. वह मुंबई इंडियंस के साथ 16.35 करोड़ रुपये की फीस पर जुड़े हुए थे, लेकिन पंजाब किंग्स में अब उन्हें 18 करोड़ रुपये मिलेंगे. दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर ही शामिल होंगे. यानी इस अदला-बदली में हार्दिक की फीस में बढ़ोतरी हुई है, जबकि अर्शदीप की फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया, “IPL 2027 से पहले एक बड़े खिलाड़ी के ट्रेड में, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में चले जाएंगे, जबकि टी20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह पांच बार की चैंपियन टीम में शामिल होंगे।”

मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक का दूसरा कार्यकाल खत्म

हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल अब समाप्त हो गया है. उन्होंने साल 2015 में मुंबई की टीम से अपने IPL करियर की शुरुआत की थी. इस फ्रेंचाइजी के साथ रहते हुए उन्होंने 2015, 2017, 2019 और 2020 में चार IPL खिताब जीते.

इसके बाद IPL 2022 से पहले हार्दिक गुजरात टाइटंस से जुड़ गए. उन्होंने टीम की कप्तानी करते हुए पहले ही सीजन में गुजरात को चैंपियन बनाया. 2023 में भी गुजरात टाइटंस ने फाइनल तक का सफर तय किया. इसके बाद 2024 में हार्दिक मुंबई इंडियंस में लौटे और टीम की कप्तानी संभाली. अब IPL 2027 में वह पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे. इस तरह पंजाब उनके IPL करियर की तीसरी फ्रेंचाइजी होगी.

पंजाब किंग्स के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे अर्शदीप

अर्शदीप सिंह ने साल 2019 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए IPL में डेब्यू किया था. इसके बाद से वह लगातार इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे. आठ सीजन तक पंजाब के साथ रहने के बाद अब वह मुंबई इंडियंस में नई शुरुआत करेंगे. IPL के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अर्शदीप ने 96 मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं. वह पंजाब किंग्स के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. 2025 के सीजन में उन्होंने 21 विकेट लिए थे, जबकि 2026 में उनके नाम 14 विकेट रहे.

अब मुंबई इंडियंस को उनकी बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी से मजबूती मिलने की उम्मीद होगी. नई गेंद से विकेट निकालने और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने की उनकी क्षमता टीम के लिए अहम साबित हो सकती है.

हार्दिक की तीसरी और अर्शदीप की दूसरी IPL फ्रेंचाइजी

इस ट्रेड के बाद दोनों खिलाड़ियों की IPL टीमों का सफर भी बदल जाएगा. हार्दिक पांड्या अब तक मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पंजाब किंग्स उनके करियर की तीसरी फ्रेंचाइजी होगी. वहीं, अर्शदीप सिंह ने अब तक केवल पंजाब किंग्स के लिए IPL खेला है. मुंबई इंडियंस उनके करियर की दूसरी फ्रेंचाइजी होगी.

IPL 2027 से पहले हुए इस बड़े ट्रेड के बाद अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें दोनों खिलाड़ियों के नए टीम संयोजन और आगामी सीजन में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी.

संबंधित खबरें

जयकारों से गूंजा केदारनाथ धाम, शीतकाल के लिए बंद हुए मंदिर के कपाट

IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की टीमें बदलीं

त्योहारों के रंग में रंग रहा हिंदुत्व, अपनी जड़ों की ओर लौट रही युवा पीढ़ी

यूपी में बीजेपी का बड़ा एक्शन प्लान! 209 सीटों पर उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट, 300 पार का टारगेट

NVIDIA पर जासूसी का साया… CEO घिरे! चीन कनेक्शन, निजी संबंध और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा पर उठे सवाल

Recommended Stories

जयकारों से गूंजा केदारनाथ धाम, शीतकाल के लिए बंद हुए मंदिर के कपाट

IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की टीमें बदलीं

त्योहारों के रंग में रंग रहा हिंदुत्व, अपनी जड़ों की ओर लौट रही युवा पीढ़ी

यूपी में बीजेपी का बड़ा एक्शन प्लान! 209 सीटों पर उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट, 300 पार का टारगेट

NVIDIA पर जासूसी का साया… CEO घिरे! चीन कनेक्शन, निजी संबंध और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा पर उठे सवाल