भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी व्यापार समझौते की बातचीत अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि दोनों देशों के बीच अधिकतर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब कुछ ही मामलों का समाधान बाकी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस समझौते को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.
भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है और अब इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है. जयशंकर के मुताबिक, समझौते से जुड़े अधिकतर मुद्दों को सुलझा लिया गया है और जो कुछ मामले बाकी हैं, उनमें भारत के मुकाबले अमेरिकी पक्ष से जुड़े मुद्दे ज्यादा हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका का लक्ष्य एक ऐसा व्यापार समझौता करना है, जो संतुलित हो और दोनों देशों के लिए फायदेमंद साबित हो.
आखिरी चरण में पहुंची भारत-अमेरिका ट्रेड डील
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने व्यापार समझौते को लेकर कहा, “निश्चित रूप से हमारी उम्मीद है कि हम इस बातचीत के आखिरी चरण में हैं। यह कोई छिपी हुई बात नहीं है, इस मामले पर हमारी वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ लगातार बातचीत होती है, मेरी समझ के मुताबिक, हमने अधिकतर मुद्दे सुलझा लिए हैं और अब बस कुछ ही बातें तय होनी बाकी हैं.” जयशंकर के इस बयान से संकेत मिलता है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है. हालांकि, समझौते को अंतिम रूप देने की कोई निश्चित तारीख अभी सामने नहीं आई है.
अमेरिकी पक्ष से जुड़े ज्यादा मुद्दे बाकी
विदेश मंत्री ने स्पष्ट किया कि समझौते में अब जिन मुद्दों का समाधान होना बाकी है, उनमें से कई अमेरिकी पक्ष से जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि भारत के मुकाबले अमेरिका की ओर से ज्यादा बदलाव हुए हैं. जयशंकर ने कहा, “कई मामलों में ये मुद्दे हमारी तरफ से कम हैं, क्योंकि बदलाव भारत के मुकाबले अमेरिकी पक्ष की ओर से ज्यादा हुए हैं, इसलिए हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही इस समझौते को अंतिम रूप दे देंगे.”
उन्होंने कहा कि जब भी कोई बातचीत अपने अंतिम चरण में पहुंचती है, तो लोगों की उत्सुकता बढ़ जाती है. हर कोई जानना चाहता है कि आखिर किन मुद्दों पर सहमति नहीं बन पा रही है और समझौता पूरा होने में कितना समय लगेगा. हालांकि, बातचीत करने वाले अधिकारी आमतौर पर प्रक्रिया पूरी होने से पहले इन मुद्दों को सार्वजनिक नहीं करते हैं.
जयशंकर ने दिया न्यूक्लियर डील का उदाहरण
विदेश मंत्री ने व्यापार समझौते को लेकर बढ़ती उत्सुकता के बीच पुराने अनुभव का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वर्षों पहले जब वह एक परमाणु समझौते की बातचीत में शामिल थे, तब भी इसी तरह का माहौल था. उस समय भी लोग बार-बार यही सवाल पूछते थे कि बातचीत में कितना समय लगेगा और समझौता कब पूरा होगा. जयशंकर ने इस उदाहरण के जरिए समझाया कि किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय समझौते के अंतिम चरण में पहुंचने पर इस तरह की उत्सुकता स्वाभाविक है.
अब ट्रेड डील के औपचारिक ऐलान पर नजर
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर विदेश मंत्री के बयान ने जल्द डील पूरी होने की उम्मीद बढ़ा दी है. दोनों देशों के बीच अधिकतर मुद्दों का समाधान होने के बाद अब शेष मामलों पर सहमति बनाने की कोशिश जारी है. फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भारत और अमेरिका कब इस बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देते हैं और इसका औपचारिक ऐलान कब किया जाता है.


