समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जल्द ही रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने पहुंचेंगे. बताया जा रहा है कि वह 12 दिसंबर को अपनी पत्नी डिंपल यादव और बच्चों के साथ अयोध्या का दौरा करेंगे. इस दौरान अखिलेश यादव हनुमानगढ़ी में माथा टेकने के साथ राम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन भी करेंगे। सपा नेता पवन पांडे ने इस दौरे की जानकारी दी है.
दरअसल, अखिलेश यादव ने अपने पिछले अयोध्या दौरे के दौरान सपा नेता पवन पांडे को राम मंदिर दर्शन की तारीख तय करने की जिम्मेदारी सौंपी थी. अब छोटी दिवाली के मौके पर पवन पांडे ने उनके अयोध्या आगमन की तारीख का ऐलान किया है. उनके मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर, शनिवार को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे.
हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में लगाएंगे हाजिरी
सपा नेता पवन पांडे के अनुसार, अखिलेश यादव अपने अयोध्या दौरे पर सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे. इसके बाद वह राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे. इस दौरान वह अयोध्या के संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे. अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है. पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनके स्वागत की तैयारियां किए जाने की बात भी कही गई है.
अखिलेश के राम मंदिर जाने पर बीजेपी ने कसा तंज
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के कार्यक्रम की जानकारी सामने आने के बाद बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी नेता राकेश त्रिपाठी ने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “बहुत देर कर दी हुजूर आते आते… जो राम भक्तों पर गोली चलाने को उपलब्धि बताते रहे हैं और बाबरी तामीर कराने की कसमें खाते रहे हैं, वो अब अयोध्या जा रहे हैं. अगर शुद्ध मन से जाते तो यात्रा सफल भी होती.”
उन्होंने आगे कहा कि अगर अखिलेश यादव केवल चुनाव नजदीक आने की वजह से मंदिर जाने की कोशिश कर रहे हैं, तो इससे उन्हें कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला. बीजेपी नेता ने भगवान राम का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष पर तंज कसा.
अयोध्या दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के प्रस्तावित कार्यक्रम ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. एक तरफ समाजवादी पार्टी इसे धार्मिक यात्रा के तौर पर देख रही है, वहीं बीजेपी नेताओं ने इस दौरे को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. अब सबकी नजरें 12 दिसंबर को होने वाले अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर टिकी हैं. इस दौरान उनके मंदिर दर्शन और संतों से मुलाकात के साथ-साथ राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर भी नजर रहेगी.


