उत्तर प्रदेश के जालौन जिले स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में नर्सिंग छात्रों और जूनियर डॉक्टरों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों के बीच हुई हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र एक-दूसरे को धक्का देते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, विवाद क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि BSc नर्सिंग बैच-2022 के छात्रों और MBBS बैच-2021 के कुछ इंटर्न छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के छात्र आमने-सामने आ गए और मामला बढ़ गया।
घटना के बाद नर्सिंग छात्रों ने विरोध जताते हुए काम का बहिष्कार कर दिया। छात्रों का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, जूनियर डॉक्टरों ने भी अपना पक्ष रखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। दोनों पक्षों की शिकायत कॉलेज प्रशासन तक पहुंच चुकी है।
मारपीट का वीडियो अब जांच का अहम हिस्सा बन गया है। कॉलेज प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।