नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद सामने आए शुद्धिकरण मामले को लेकर पार्टी ने दिल्ली में एक बड़ी बैठक बुलाई है। आज कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित इस बैठक में देश भर से पार्टी के दलित सांसद शामिल हो रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य हल्द्वानी की घटना पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराना और इस मुद्दे पर पार्टी की आगे की राजनीतिक रणनीति तैयार करना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस के सभी 15 दलित सांसदों के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस इस मामले को दलित समुदाय के अपमान से जोड़कर देख रही है और इसे लेकर लगातार हमलावर है। बैठक में घटना के राजनीतिक और सामाजिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक के समापन के बाद, कांग्रेस के दलित सांसद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर सकते हैं। पार्टी इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है। कांग्रेस का मानना है कि यह घटना सामाजिक सद्भाव के खिलाफ है और इसके विरोध में पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ेगी।