संक्षेप में मुख्य समाचार
- केरल मंत्री ने पंजाब की **खरीद प्रणाली** की सराहना की।
- पंजाब केंद्रीय पूल में गेहूँ-धान का **बड़ा योगदान** देता है।
- **अनाज पोर्टल** पर लाखों किसान और आढ़ती **पंजीकृत**।
- किसानों को **48 घंटे में भुगतान** और **72 घंटे में ढुलाई** सुनिश्चित।
- केरल मंत्री को पंजाब सरकार ने **सम्मानित** किया।
Punjab News : मुख्यमंत्री **भगवंत सिंह मान** के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की **मज़बूत खरीद प्रणाली** की आज **केरल के खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले और लीगल मेट्रोलॉजी मंत्री जी.आर. अनिल** ने भरपूर सराहना की। अनिल को खरीद प्रक्रिया और इसे मज़बूत बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए गए उपायों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया गया।
**अनाज भवन** पहुँचे गणमान्यों को खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री **लाल चंद कटारूचक** ने कहा कि पंजाब देश का केवल **1.5 प्रतिशत** है, लेकिन इसके बावजूद पंजाब केंद्रीय पूल में गेहूँ का लगभग **40-45 प्रतिशत** और धान का **20-25 प्रतिशत** योगदान करता है।
फसल से मंडी तक की जानकारी जे-फॉर्म
अधिक जानकारी देते हुए कटारूचक ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के **अनाज खरीद पोर्टल** पर **8 लाख से अधिक किसान, 25,000 आढ़ती, 5,000 मिलर** और **500 श्रमिक व परिवहन ठेकेदार** पंजीकृत हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा पोर्टल पर **जे-फ़ॉर्म** में मंडियों में लाई गई फ़सल का नाम, विवरण, मात्रा, ज़मीन के विवरण के साथ-साथ फ़सल की बुवाई संबंधी जानकारी भी उपलब्ध है।
ऑनलाइन गेट पास व ट्रैकिंग से पारदर्शिता
खरीद प्रणाली की अन्य विशेषताओं की ओर ध्यान दिलाते हुए कटारूचक ने कहा कि किसान की फ़सल खरीदने के **72 घंटों के भीतर इसकी ढुलाई** और किसानों को **48 घंटों में उनके बैंक खाते में भुगतान** सुनिश्चित किया जाता है। इसके अलावा खरीद प्रक्रिया में **पारदर्शिता सुनिश्चित** करने के लिए पंजाब राज्य में **ऑनलाइन गेट पास** के साथ-साथ **वाहन ट्रैकिंग प्रणाली** भी पूरी तरह से कार्यरत है।
किसानों की फसल खरीद एमएसपी पर
पंजाब में **14,000 से अधिक डिपो (एफ.पी.एस.)** हैं, जहाँ **राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013** के तहत खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए **सार्वजनिक वितरण प्रणाली** के अंतर्गत ज़रूरतमंद लाभार्थियों को **मुफ़्त गेहूँ** वितरित किया जाता है। गेहूँ के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक एफ.पी.एस. को **ई-पीओएस मशीनें** उपलब्ध करवाई गई हैं। कटारूचक ने आगे बताया कि इसके अलावा किसानों की फ़सलों की खरीद **न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी)**, जो कि मौजूदा धान सीजन में **2389 रुपये प्रति क्विंटल** है, पर सुनिश्चित की जाती है।
कटारूचक ने केरल के मंत्री को किया सम्मानित
मंत्री **जी.आर. अनिल** ने कहा कि पंजाब को देश के **अन्न भंडार** के रूप में जाना जाता है और उन्होंने राज्य में आई भारी बाढ़ के बावजूद लोगों की **‘चढ़दी कला’** की भावना की प्रशंसा की। इस मौके पर कटारूचक द्वारा केरल के मंत्री को **सम्मानित** भी किया गया, जहाँ खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले, पंजाब के प्रमुख सचिव **राहुल तिवारी**, निदेशक **वरिंदर कुमार शर्मा**, अतिरिक्त निदेशक **डॉ. अंजुमन भास्कर व अजयवीर सिंह सराओ** और जीएम वित्त **सरवेश कुमार** मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : आजम खान के जेल से रिहा होने पर अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया, कहा- बीजेपी को कभी अच्छे नहीं लगते ऐसे लोग









