ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने दुनियाभर के बाजारों में हलचल मचा दी है. 19 मार्च को भारतीय शेयर बाजार खुलते ही भारी गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ताश के पत्तों की तरह बिखर गए हैं।
सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट
बीएसई सेंसेक्स करीब 1800 अंकों यानी 2.35% की गिरावट के साथ 74,869 पर आ गया. वहीं निफ्टी 50 भी 532 अंक यानी 2.23% टूटकर 23,238 के स्तर पर पहुंच गया. ये गिरावट इसलिए ज्यादा चौंकाने वाली रही क्योंकि इससे एक दिन पहले बाजार में तेजी का माहौल था।
कल की तेजी पर फिरा पानी
बुधवार को सेंसेक्स 633 अंकों की बढ़त के साथ 76,704 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 196 अंक चढ़कर 23,777 पर पहुंचा था. लेकिन आज की गिरावट ने एक दिन पहले की सारी बढ़त को खत्म कर दिया. पिछले तीन दिनों से बाजार में जो सुधार दिख रहा था, वह भी मिडिल ईस्ट तनाव के चलते खत्म हो गया.
बड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली
शुरुआती कारोबार में लार्जकैप शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई. HDFC Bank करीब 4.50%, LT 3.50%, Eternal 3%, Bajaj Finance 2.80%, Axis Bank 2.75%, Asian Paints 2.60%, Kotak Bank 2.56%, M&M 2.40%, Adani Ports 2.35% और IndiGo 2.30% तक टूट गए.
कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता
गिरावट के संकेत पहले ही विदेशी बाजारों से मिल चुके थे. ईरान द्वारा कतर में स्थित बड़े LNG प्लांट पर हमले और खाड़ी देशों की जवाबी कार्रवाई के बाद कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़कर 113 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं. इसके चलते एशियाई बाजारों में भी भारी दबाव देखने को मिला और इसका असर भारतीय बाजार पर साफ दिखा।









