प्रयागराज में नवरात्र और रमजान के अंतिम चरण के एक साथ पड़ने के चलते शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को अलविदा (आखिरी जुमा) की नमाज और संभावित ईद को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 29 का चांद नजर नहीं आने के कारण रमजान में एक अतिरिक्त जुमा पड़ गया, जिसके चलते 20 मार्च को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। इससे पहले 13 मार्च को भी अलविदा मानकर नमाज पढ़ी गई थी।
सड़कों पर नमाज पर रोक, दो जमात का इंतजाम
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नमाज सड़कों या मस्जिदों के बाहर नहीं होगी। नमाजियों की सुविधा के लिए शहर की बड़ी मस्जिदों में दो जमात का इंतजाम किया गया है।
ड्रोन से निगरानी, भारी फोर्स तैनात
संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चौक, करेली, खुल्दाबाद, अटाला, रोशनबाग, नूरुल्ला रोड, बहादुरगंज, शाहगंज, कटरा और मुट्ठीगंज समेत कई क्षेत्रों में पुलिस, आरएएफ और अन्य बलों की तैनाती की गई है।
चौक जामा मस्जिद और शिया जामा मस्जिद सहित प्रमुख स्थानों पर ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
लगातार गश्त और रूट मार्च के निर्देश
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और रूट मार्च करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
संवेदनशील मुद्दों पर विशेष नजर
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। खुफिया तंत्र और स्थानीय पुलिस को हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ईद के मद्देनजर भी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।









