प्रयागराज के रोशनबाग में सनसनी: युवक पर हमला करने दौड़ा बदमाश, हाथ में ही फटा बम; गंभीर रूप से घायल

शहर के रोशनबाग इलाके में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति दूसरे युवक पर हमला करने के लिए बम लेकर दौड़ा, लेकिन बम उसके हाथ में ही फट गया। इस धमाके में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की तेज आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

मिली जानकारी के अनुसार खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के रोशनबाग मोहल्ले में रहने वाले एक युवक का उसी इलाके के दूसरे युवक से किसी बात को लेकर शनिवार सुबह विवाद हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक गुस्से में आ गया और उसने दूसरे युवक को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बम उठा लिया।

बताया जा रहा है कि वह युवक बम लेकर विरोधी युवक की ओर दौड़ पड़ा। इसी दौरान अचानक बम उसके हाथ में ही फट गया। धमाके के कारण उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय सड़क और आसपास के घरों के लोग दहशत में आ गए। कई लोग अपने घरों से बाहर निकलकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल व्यक्ति वहां से फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसे किसी निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। हालांकि इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस अधिकारी रवि गुप्ता ने बताया कि घटना की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है। यदि शिकायत मिलती है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रयागराज शहर में बमबाजी और फायरिंग की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल ही में होली के दौरान कटरा क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद फायरिंग और बमबाजी की घटना हुई थी। उस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से चार नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

संबंधित खबरें

दिल्ली-NCR में GRAP-2 लागू, अब महंगी होगी पार्किंग, सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग भी बदलेगी, जानें नए नियम…

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- ‘नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं’

‘भारत में रहते हो, कमाते हो तो नागरिकता क्यों नहीं लेते?’ इमरान खान को प्रदर्शन मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट की फटकार

अहमदाबाद में पिता ने इकलौते बेटे की दी बलि, देवी की वेदी पर सिर पटकर की हत्या

दिवाली पर दिल्ली-NCR में जलेंगे ग्रीन पटाखे, सुप्रीम कोर्ट ने दी इजाजत, जानें क्या हैं शर्तें

Recommended Stories