नई दिल्ली: Flydubai की फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को हुई घटना के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार चर्चा में हैं। दुबई से तेल अवीव जा रही Boeing 737 MAX 8 फ्लाइट में उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर हिंसक झड़प हुई। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए और विमान तेजी से ऊंचाई खोने लगा। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने कैप्टन स्मित मच्छार की भूमिका की सराहना की। हालांकि, कॉकपिट में हुई घटना की पूरी परिस्थितियों और सह-पायलट की मंशा को लेकर जांच जारी है।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
कैप्टन स्मित मच्छार मुंबई के घाटकोपर ईस्ट के रहने वाले हैं और फिलहाल अपने विमानन करियर के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। वह Flydubai के Boeing 737 बेड़े में कप्तान के तौर पर काम कर रहे हैं। उपलब्ध प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने जून 2022 में Flydubai ज्वाइन किया था।
Flydubai से पहले स्मित मच्छर ने करीब 11 साल SpiceJet में काम किया। वहां वह वरिष्ठ कमांडर रहे और बाद में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी भी संभाली, जिसमें दूसरे पायलटों को ट्रेनिंग और असेसमेंट देना शामिल था।
9,750 घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस
स्मित मच्छार के प्रोफाइल के मुताबिक उनके पास Boeing 737-800 और 737 MAX 8/9 विमानों पर करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है। SpiceJet में उनके पास 6,400 से ज्यादा घंटे पायलट-इन-कमांड के तौर पर काम करने का अनुभव भी दर्ज है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी विमानन से सीधे जुड़ी हुई नहीं थी। Reuters की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने शुरुआत में परिवार के टेक्सटाइल बिजनेस से जुड़ने के उद्देश्य से पढ़ाई शुरू की थी। बाद में करीब 19 साल की उम्र में एक एविएशन सेमिनार के दौरान उनकी रुचि उड़ान के क्षेत्र में बढ़ी और उन्होंने पायलट बनने का फैसला किया।
SpiceJet में निभाई अहम जिम्मेदारी
Flydubai से पहले स्मित मच्छर ने SpiceJet में लंबे समय तक काम किया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार वह नवंबर 2020 से लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की भूमिका में थे। इस पद पर उनका काम दूसरे पायलटों को ट्रेनिंग देना और उनकी क्षमता का आकलन करना भी था। इसके बाद जून 2022 में उन्होंने Flydubai के साथ बतौर डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन काम शुरू किया। इसका मतलब है कि उन्हें पहले से कैप्टन के रूप में अनुभव होने के कारण दूसरी एयरलाइन में सीधे कप्तान के पद पर नियुक्त किया गया।
फ्लाइट FZ1073 में आखिर हुआ क्या?
30 सितंबर को Flydubai की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कथित तौर पर दोनों पायलटों के बीच संघर्ष शुरू हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक, सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया, जिसके बाद विमान ने कुछ ही समय में करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई खो दी। इस दौरान विमान से आपातकालीन कोड भी प्रसारित हुए और फ्लाइट को उसके मूल गंतव्य के बजाय सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ दिया गया। विमान वहां सुरक्षित उतरा।
PM मोदी ने की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन की बहादुरी को सलाम किया है। उन्होंने अपने X पोस्ट में लिखा- “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। सबसे बड़े खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन स्मित मच्छार पर गर्व है। उनके जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।” कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस अनुभव और हिम्मत से एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज चल रहा है। उनका परिवार मुंबई से दुबई के लिए रवाना हो गया है।
घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खुलवाने में मदद
घटना के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने हमले के बावजूद प्रतिरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद दो अन्य Flydubai पायलट भी यात्री के तौर पर सवार थे। रिपोर्टों के अनुसार, हमलावर को काबू किए जाने के बाद उन्होंने विमान को स्थिर करने और सुरक्षित लैंडिंग में मदद की।
174 यात्रियों की जान बचाने का श्रेय
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्रवाई से विमान में मौजूद 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली। उन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट में प्रतिरोध करने और दरवाजा खोलने में उनकी भूमिका का उल्लेख किया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
विमान की तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद दोनों पायलटों को अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, स्मित मच्छार की सर्जरी हुई और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। दूसरे पायलट को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। फ्लाइट में हुई घटना की जांच अभी जारी है। शुरुआती रिपोर्टों में सह-पायलट पर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप सामने आया है, लेकिन घटना की पूरी परिस्थितियों और उसकी मंशा पर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।