हाइलाइट्स :-
- **सुपर-4** में भिड़ेंगी दोनों टीमें।
- **एशिया कप** में भारत अब तक **अजेय**।
- पाकिस्तान की **बल्लेबाज़ी चिंता** का कारण।
- **अभिषेक** vs **शाहीन** भिड़ंत पर रहेंगी निगाहें।
Asia Cup 2025 : एशिया कप 2025 के **सुपर 4 चरण** का दूसरा मुक़ाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद ख़ास होने जा रहा है, क्योंकि इसमें एक बार फिर **भारत और पाकिस्तान** की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुक़ाबला न सिर्फ़ खेल बल्कि **भावना, दबाव और आत्मविश्वास** की भी परीक्षा होगा।
अगर कागज़ पर टीमों की ताक़त की बात की जाए तो **भारतीय टीम इस समय थोड़ी मज़बूत** दिखाई देती है, लेकिन भारत-पाक मैचों का इतिहास बताता है कि इन मुक़ाबलों में हालिया फ़ॉर्म या रैंकिंग जैसी चीज़ें ज़्यादा मायने नहीं रखतीं। यह मैच उस टीम का होगा जो मैदान पर **मानसिक दबाव को बेहतर तरीक़े से संभालेगी**।
भारत मजबूत, मगर रहना होगा सतर्क
पिछले कुछ मैचों में भारत ने पाकिस्तान पर बढ़त बनाई है, लेकिन **पाकिस्तान की टीम को कभी भी हल्के में नहीं लिया जा सकता**। उनके पास **फ़ख़र ज़मान और शाहीन शाह अफ़रीदी** जैसे खिलाड़ी हैं जो अकेले ही खेल का रुख़ पलटने का दम रखते हैं। इन दोनों टीमों के बीच मुक़ाबले इतने रोमांचक होते हैं कि हर खिलाड़ी ख़ुद को साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ता।
भारत ने ग्रुप चरण में **शानदार प्रदर्शन** करते हुए अपने सभी मुक़ाबले जीते हैं और वह टूर्नामेंट की **इकलौती अजेय टीम** रही है। पाकिस्तान की टीम को ग्रुप स्टेज में भारत से हार झेलनी पड़ी थी और यूएई के ख़िलाफ़ भी वह सिर्फ़ **145 रन पर सिमट** गई थी। हालाँकि **गेंदबाज़ों** ने मैच में टीम की वापसी कराई और जीत दिलाई।
जबरदस्त फार्म में है भारतीय टीम
वर्तमान फ़ॉर्म की बात करें तो **भारत इस समय ज़बरदस्त लय में** है। 2024 में **टी20 विश्व कप** जीतने के बाद से भारतीय टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान टीम ने **23 मैच** खेले हैं, जिनमें सिर्फ़ **तीन में हार** मिली है। वहीं पाकिस्तान ने एशिया कप से पहले एक त्रिकोणीय सीरीज़ जीत ज़रूर ली थी, लेकिन उस सीरीज़ में उन्हें **अफ़गानिस्तान से हार** का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा इसी साल वे **बांग्लादेश के ख़िलाफ़ भी सीरीज़ गँवा** चुके हैं। इस टूर्नामेंट में भी पाकिस्तान की टीम सामूहिक प्रदर्शन करने में सफल नहीं रही है। जहाँ **गेंदबाज़ों ने ज़िम्मेदारी निभाई है**, वहीं **बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन लगातार चिंता का कारण** बना हुआ है।
किन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें
अगर बात उन खिलाड़ियों की करें जिन पर सबकी निगाहें होंगी, तो भारत के लिए **अभिषेक शर्मा अहम भूमिका** निभा सकते हैं। वह टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत दिलाने में सफल रहे हैं और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पिछले मुक़ाबले में उन्होंने **शाहीन अफ़रीदी की गेंदबाज़ी का मज़बूती से सामना** किया था। इस मैच में अगर अभिषेक एक बड़ी पारी खेलते हैं तो भारत को मज़बूत स्थिति में पहुँचा सकते हैं।
वहीं, पाकिस्तान की ओर से **शाहीन शाह अफ़रीदी सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी** माने जा रहे हैं। वह न सिर्फ़ गेंदबाज़ी में धार रखते हैं बल्कि **ज़रूरत पड़ने पर बल्ले से भी उपयोगी रन** बना रहे हैं। यूएई के ख़िलाफ़ उन्होंने आख़िरी ओवरों में अहम रन जोड़े थे, जो टीम की जीत में निर्णायक साबित हुए। भारत के ख़िलाफ़ भी उन्होंने अच्छी गेंदबाज़ी की थी और यदि वह फिर से लय में आ गए तो भारतीय बल्लेबाज़ों को परेशानी हो सकती है।
कुल मिलाकर, यह मुक़ाबला क्रिकेट के साथ-साथ **जुनून, रणनीति और संयम** का भी इम्तिहान होगा, और करोड़ों दर्शकों की नज़रें इस **बहुप्रतीक्षित भिड़ंत** पर टिकी रहेंगी।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान की आपत्ति के बावजूद सुपर-4 में भारत-पाक मैच के मैच रेफरी होंगे एंडी पाइक्रॉफ्ट, ICC का कड़ा संदेश








