कौशाम्बी जिले में पति से विवाद के बाद एक महिला द्वारा कुएं में कूदने की घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना गिरिया खालसा गांव की है, जो पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर गांव की रहने वाली बबली पत्नी राजेश कुमार होली के दिन अपने रिश्तेदारी में आई हुई थीं। बताया जा रहा है कि वह चायल चौकी क्षेत्र के लालापुर गांव में अपनी मौसी की बेटी के गांव सुरेश पुत्र हरी प्रसाद के यहां आई थीं।
इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका अपने पति राजेश कुमार से विवाद हो गया। गुस्से में आकर महिला घर से निकल गई और पास ही स्थित एक कुएं में छलांग लगा दी। उसी समय वहां से गुजर रहे कुछ लोग भट्ठे की ओर जा रहे थे। उन्हें कुएं के अंदर से मदद के लिए आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो महिला कुएं के अंदर फंसी हुई मदद की गुहार लगा रही थी।
लोगों ने तुरंत मामले की सूचना चायल चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस के माध्यम से उसे चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और रोते-बिलखते नजर आए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के स्वस्थ होने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।






