नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर जारी प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ा दावा किया है। पुलिस का कहना है कि आंदोलन में अब बाहरी असामाजिक तत्वों की घुसपैठ हो चुकी है, जिन्होंने प्रदर्शन को हाईजैक कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग छात्रों की आड़ में भीड़ का हिस्सा बनकर सुरक्षाबलों पर हमला कर रहे हैं।
‘नुकीले पत्थरों और बोतलों से पुलिस पर हमला’
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में शामिल होकर अचानक नुकीले पत्थरों, बोतलों और अन्य वस्तुओं से पुलिसकर्मियों पर हमला कर रहे हैं। इसके बाद भीड़ का एक हिस्सा आक्रामक हो जाता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने लगती है। पुलिस ने बताया कि अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्स ने भी इस संबंध में अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।
‘सरकार बातचीत चाहती है, इसलिए संयम बरत रही पुलिस’
पुलिस का कहना है कि फिलहाल सरकार की ओर से सख्त कार्रवाई के निर्देश नहीं दिए गए हैं। सरकार छात्रों से बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहती है। इसी वजह से पुलिस और सुरक्षाबल संयम बरत रहे हैं और केवल आत्मरक्षा में कार्रवाई कर रहे हैं।
मास्क पहनकर पहुंचे कुछ प्रदर्शनकारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर से सामने आई कुछ तस्वीरों में कई प्रदर्शनकारी मास्क, रुमाल और अन्य तरीकों से अपना चेहरा ढके हुए दिखाई दिए। पुलिस का दावा है कि बुधवार रात कुछ लोगों ने रेड लाइट और बैरिकेड के पास हंगामा किया तथा बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश भी की। पूरी रात पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।
‘दिन में शांतिपूर्ण, शाम को बदल जाता है माहौल’
पुलिस का दावा है कि दिन के समय जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहता है, जहां लोग भाषण देते हैं, कविताएं पढ़ते हैं और नारे लगाते हैं। लेकिन शाम होते-होते भीड़ बढ़ जाती है और कुछ उपद्रवी पुलिस को निशाना बनाते हुए पथराव और हिंसा की घटनाओं को अंजाम देने लगते हैं। इसके बाद भीड़ जंतर-मंतर से निकलकर आसपास की सड़कों की ओर बढ़ जाती है।
कई पुलिसकर्मी घायल
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हुई झड़प में दो एसीपी, दो इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों के बीच मौजूद उपद्रवियों ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गुरुवार को भी दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगले आदेश तक बंद रखे गए हैं। पुलिस पूरे इलाके में अतिरिक्त बल के साथ निगरानी बनाए हुए है।