नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने गुरुवार को बड़ा फैसला लिया है। एनडीएमसी (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह के बाद NDTA ने कनॉट प्लेस स्थित सभी दफ्तरों, रेस्टोरेंट, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आज शाम 6:30 बजे तक बंद करने की अपील की है।
सुरक्षा के मद्देनजर जारी हुई एडवाइजरी
NDTA के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने बताया कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि प्रशासन की सलाह पर यह फैसला लोगों की सुरक्षा, संपत्ति की रक्षा और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के उद्देश्य से लिया गया है।
जारी एडवाइजरी के अनुसार, क्षेत्र के सभी व्यापारी, कार्यालय संचालक और रेस्टोरेंट मालिक शाम 6:30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद कर दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
व्यापारियों और आम लोगों से सहयोग की अपील
NDTA ने कहा है कि कनॉट प्लेस दिल्ली का सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां शाम के समय बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में समय से पहले बाजार और दफ्तर बंद होने से सुरक्षा एजेंसियों को व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
यदि आपका ऑफिस, दुकान या कोई अन्य काम कनॉट प्लेस में है, तो समय रहते अपने कामकाज निपटा लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
CTI ने जताई व्यापारियों की चिंता
इस बीच, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने भी लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शनों और सुरक्षा कारणों से मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने पर चिंता जताई है। CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली के प्रमुख इलाकों में बड़े प्रदर्शनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
CTI के अनुसार, जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों का सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। संगठन का दावा है कि पिछले तीन दिनों में राजधानी के बाजारों में कारोबार में करीब 70 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।