नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है। बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ के गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान निहंग के भेष में आए एक शख्स ने कथित तौर पर उन पर कृपाण से हमला कर दिया।
हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है।
हमले में सुखबीर बादल घायल
जानकारी के मुताबिक, हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
बादल की सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बहस के बाद कृपाण से किया वार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर बहस के बाद आरोपी ने सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला किया। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस ने आरोपी जसपाल सिंह को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला अचानक हुआ या इसके पीछे पहले से कोई साजिश थी।
आरोपी के बयान से संतुष्ट नहीं पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में जसपाल सिंह ने कथित तौर पर कहा कि उसे ऐसा लगा और इसी वजह से उसने हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस उसके इस जवाब से संतुष्ट नहीं है।
जांच एजेंसियां हमले के पीछे किसी अन्य वजह या साजिश की संभावना को भी ध्यान में रखकर पूछताछ कर रही हैं। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पहले भी सुखबीर बादल पर हुआ था हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी हमला हो चुका है। दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी।
यह घटना उस समय हुई थी जब बादल अकाल तख्त द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत स्वर्ण मंदिर के बाहर सेवा कर रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था और गोली बादल को नहीं लगी थी। हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के रूप में हुई थी।
फिलहाल नांदेड़ में हुए ताजा हमले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।