ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार को एक दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दम घुटने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लकड़ी की कटिंग वाली दुकान में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में लकड़ी की कटिंग करने वाली एक दुकान में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और दुकान के अंदर धुआं भर गया। इस दौरान दुकान के अंदर दो लोग फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बेहोशी की हालत में मिले दोनों शख्स
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और दुकान के अंदर फंसे अल्तमस और अमन को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है।
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान से आग की तेज लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में आग की भयावहता साफ नजर आ रही है।