हमीरपुर: में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने का निर्णय लिया है। डीएम अभिषेक गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एनएच 34 सहित जिले के सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। इन कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्रशासन की योजना के तहत, जिले के उन स्थानों को चिन्हित किया गया है जहां हादसे होने की संभावना अधिक रहती है। इन ‘ब्लैक स्पॉट्स’ पर क्रैश बैरियर, चेतावनी साइन बोर्ड और स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा, हमीरपुर, सुमेरपुर और मौदाहा में फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा ताकि पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एनएच 34 पर अवैध पार्किंग और सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा। साथ ही, बिना रिफ्लेक्टर और टेल लाइट वाले वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। आवारा पशुओं और ई-रिक्शा के जमावड़े को नियंत्रित करने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।