जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और उसके नेताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर उठे सवालों पर दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी है. पुलिस ने बताया कि अभिजीत दीपके, सौरव और आशुतोष को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद विरोध-प्रदर्शन करने के कारण हिरासत में लिया गया था. वहीं, अभिजीत दीपके की दादी के निधन की सूचना उन्हें नहीं देने के CJP के आरोपों को भी पुलिस ने खारिज किया है.
दिल्ली पुलिस की डीसीपी और PRO नेहा यादव ने कहा कि तीनों को इसलिए हिरासत में लिया गया, क्योंकि उन्हें प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी. उन्होंने बताया कि पहले दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया गया था. पुलिस के मुताबिक, पिछले प्रदर्शन के दौरान हिंसा, आगजनी और पथराव की घटनाएं हुई थीं। इसी आधार पर इस बार कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई.
नेहा यादव ने कहा कि नई दिल्ली इलाके में विरोध-प्रदर्शन को लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई थी. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया.
अभिजीत दीपके की दादी के निधन पर क्या बोली पुलिस?
अभिजीत दीपके की दादी के निधन की खबर उन्हें नहीं दिए जाने के CJP के आरोपों पर भी दिल्ली पुलिस ने जवाब दिया. नेहा यादव के अनुसार, पुलिस को जैसे ही दीपके की दादी के निधन की जानकारी मिली, उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई. पुलिस ने दावा किया कि उन्हें फ्लाइट और फोन कॉल सहित जरूरी मदद उपलब्ध कराने के बारे में भी पूछा गया था. नेहा यादव ने कहा कि दीपके से दोबारा मदद के संबंध में बात की गई थी. उन्होंने CJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले को गलत तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगाया.
पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चलाया वीडियो
दिल्ली पुलिस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक वीडियो भी दिखाया. पुलिस के मुताबिक, वीडियो में पुलिसकर्मी अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की सूचना देते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने यह भी दावा किया कि दीपके ने अपने पिता से बात करने से इनकार किया और पुलिस को उनका फोन नंबर देने से भी मना कर दिया.
इस तरह, प्रदर्शन की अनुमति, हिरासत और परिवार में हुई मृत्यु की सूचना को लेकर CJP और दिल्ली पुलिस के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. पुलिस ने अपने कदम को कानून-व्यवस्था से जुड़ा फैसला बताया है, जबकि CJP की ओर से लगाए गए आरोपों पर विवाद बना हुआ है.