देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों और युवाओं से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा लेकर जुटने की अपील की है. मार्च शाम 5 बजे आयोजित करने का ऐलान किया गया है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस जमावड़े की अनुमति नहीं दी है और इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 पहले से लागू है.
सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में मार्च
CJP ने इस मार्च का आह्वान अपने नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में किया है. संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सवाल उठा रहा है. अभिजीत दीपके ने लोगों से राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर मार्च में शामिल होने और तिरंगा लहराने की अपील की है. आम आदमी पार्टी (AAP) और कुछ छात्र संगठनों की ओर से भी इस अभियान को समर्थन दिए जाने की खबरें सामने आई हैं.
कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ी, सेंट्रल पार्क दो दिन बंद
प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक तथा निजी संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं. पुलिस ने लोगों से ऐसे जमावड़े में शामिल होने से बचने की अपील की है, जो लागू आदेशों का उल्लंघन कर सकता है.
पुलिस ने दिया सीमित समूह के लिए विकल्प
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने के लिए उपयुक्त स्थान पर सीमित संख्या में लोगों के समूह को सुविधा देने का विकल्प भी बताया है. हालांकि, सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित बड़े जमावड़े को लेकर अनुमति नहीं दी गई है. इस बीच, दिल्ली हाई कोर्ट में स्थानीय कारोबारियों की ओर से प्रस्तावित प्रदर्शन से कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी. अदालत ने पुलिस के उस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया कि कानून के मुताबिक जरूरी कदम उठाकर स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा.
21 सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि शुक्रवार दोपहर 3 बजे के बाद कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. प्रभावित हो सकने वाले मार्गों में संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, जनपथ, बाराखंबा रोड, पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड, टॉलस्टॉय मार्ग और मंडी हाउस के आसपास के रास्ते शामिल हैं. ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार पुलिस मार्गों में बदलाव कर सकती है.
दीपके ने हिरासत में लिए जाने की जताई आशंका
अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि पुलिसकर्मी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और उन्हें शुक्रवार को हिरासत में लिया जा सकता है. इससे पहले 10 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने दीपके और CJP के नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद हिरासत में लिया था. यह कार्रवाई मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से जुड़ी थी.