ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत की घटना में पुलिस की जांच के दौरान एक वॉइस नोट सामने आया है. जांच के अनुसार, मृतक महेश के मोबाइल फोन में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग में पारिवारिक विवाद का जिक्र है. शुरुवाती जांच में जमीन और मकान को लेकर भाई-बहनों के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है. मृतकों में महेश, उसकी पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
मोबाइल में मिला वॉइस नोट, प्रॉपर्टी विवाद की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, महेश के मोबाइल फोन से एक वॉइस नोट मिला है. बताया जा रहा है कि इसमें उसने अपनी मौत के लिए अपनी दो बहनों और एक बहनोई को जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर रिकॉर्डिंग की जांच शुरू कर दी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. मोबाइल फोन में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौतों के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी.
दो बहनों और बहनोई के खिलाफ FIR दर्ज
इस मामले में मृतक के साले की शिकायत पर पुलिस ने महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है. शिकायत में तीनों पर कथित रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संपत्ति विवाद का घटना से क्या संबंध था और परिवार की मौतों के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही. जांच के बाद स्पष्ट होगी घटना की वजह ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मोबाइल फोन में मिले वॉइस नोट, परिजनों की शिकायत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल आत्महत्या की आशंका और संपत्ति विवाद से जुड़े आरोप जांच के दायरे में हैं.