नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी कथित तौर पर डार्क वेब पर उजागर होने का मामला सामने आया है. बैंक ने 21 अक्टूबर 2026 को शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में बताया कि संभावित डेटा लीक की जांच की जा रही है और साइबर सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए गए हैं. शुरुआती विश्लेषण में करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की जांच के दौरान 3,897 रिकॉर्ड में व्यक्तिगत पहचान संबंधी जानकारी (PII) मिलने की बात सामने आई है. फिलहाल जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि डेटा की प्रामाणिकता क्या है, वह कहां से आया और इससे ग्राहकों की सुरक्षा पर कितना असर पड़ सकता है.
SBI को कब मिला डेटा लीक का अलर्ट?
SBI के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को उसे अपनी थ्रेट इंटेलिजेंस सेवा प्रदाता, रक्षा साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) से संभावित डेटा लीक को लेकर अलर्ट मिले थे. इसके बाद बैंक ने उपलब्ध रिकॉर्ड का शुरुआती विश्लेषण शुरू किया.
इस प्रक्रिया में करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की जांच की गई, जिनमें से 3,897 रिकॉर्ड में ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से संबंधित जानकारी मिलने की बात कही गई है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सभी रिकॉर्ड वास्तविक और अद्यतन हैं या उनका संबंध सीधे SBI के सिस्टम से है.
मामले की गहन जांच के लिए बैंक ने CERT-In के पैनल में शामिल एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त किया है. एजेंसी डेटा के स्रोत, उसकी प्रामाणिकता, संभावित रूप से प्रभावित ग्राहकों की संख्या और उनसे जुड़े सुरक्षा जोखिमों का आकलन करेगी.
किन जानकारियों के लीक होने की आशंका?
शुरुवाती विश्लेषण के अनुसार, कथित तौर पर उजागर डेटा में ग्राहकों की पहचान और उनसे संपर्क करने से जुड़ी जानकारियां शामिल हो सकती हैं. इनमें निम्नलिखित विवरण शामिल बताए गए हैं:
- ग्राहक का नाम, जन्मतिथि और लिंग
- पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
- आवासीय पता
- बैंक शाखा से संबंधित जानकारी
- CIF यानी Customer Information File नंबर
- ऋण और अन्य संबंधित रिकॉर्ड का मेटाडेटा
CIF नंबर बैंक में ग्राहक की पहचान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण संख्या होती है. इसके जरिए ग्राहक के विभिन्न खातों और बैंकिंग संबंधों से जुड़ी जानकारी को एक साथ जोड़ा जा सकता है. यदि यह नंबर अन्य व्यक्तिगत जानकारियों के साथ गलत हाथों में पहुंच जाता है, तो साइबर अपराधियों के लिए ग्राहक की पहचान और बैंकिंग संबंधों के बारे में अतिरिक्त जानकारी जुटाना आसान हो सकता है.
लेकिन, उपलब्ध विवरण में ग्राहकों के पासवर्ड, ATM PIN, OTP, कार्ड नंबर या इंटरनेट बैंकिंग लॉगिन की जानकारी लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए फिलहाल यह दावा करना सही नहीं होगा कि अपराधियों को ग्राहकों के बैंक खातों तक सीधी पहुंच मिल गई है.
डार्क वेब पर डेटा पहुंचना कितना खतरनाक?
डार्क वेब इंटरनेट का ऐसा हिस्सा है, जिसे सामान्य सर्च इंजन के जरिए सीधे एक्सेस नहीं किया जा सकता और जहां पहुंचने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर या नेटवर्क की जरूरत पड़ सकती है. डार्क वेब का हर इस्तेमाल गैरकानूनी नहीं है, लेकिन इसके कुछ हिस्सों में चोरी किए गए डेटा और साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियां भी होती हैं.
यदि SBI ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी वास्तव में डार्क वेब पर उपलब्ध है, तो साइबर अपराधी उसका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी और फिशिंग जैसे अपराधों के लिए कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर, ग्राहक का नाम, मोबाइल नंबर और बैंक से संबंधित विवरण हासिल करने के बाद अपराधी बैंक अधिकारी बनकर फोन कर सकते हैं या फर्जी मैसेज भेज सकते हैं. वे KYC अपडेट, खाते में संदिग्ध गतिविधि, लोन संबंधी समस्या या बैंकिंग सेवाएं बंद होने का डर दिखाकर ग्राहकों से गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं. इस तरह के अपराध को सोशल इंजीनियरिंग कहा जाता है. इसमें अपराधी उपलब्ध व्यक्तिगत जानकारी का इस्तेमाल कर पीड़ित का भरोसा जीतने और उससे OTP, PIN या पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं. हालांकि, केवल मोबाइल नंबर, जन्मतिथि या CIF नंबर सामने आने से किसी व्यक्ति के बैंक खाते तक अपने आप पहुंच नहीं मिल जाती. वास्तविक जोखिम इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन-सी जानकारियां उजागर हुई हैं और अपराधियों के पास अन्य कौन-सा डेटा उपलब्ध है.
क्या SBI ग्राहकों के पैसे सुरक्षित हैं?
SBI ने अपने खुलासे में कहा है कि इस घटना का बैंक के मुख्य कारोबारी परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन या सेवाओं की निरंतरता पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ा है. बैंक की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और साइबर सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए गए हैं.
फिलहाल उपलब्ध जानकारी से ग्राहकों के खातों में अनधिकृत प्रवेश या वित्तीय नुकसान की पुष्टि नहीं होती है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि डेटा वास्तव में SBI से जुड़ा है या नहीं, कितने ग्राहक प्रभावित हो सकते हैं और क्या किसी अन्य संवेदनशील जानकारी तक भी पहुंच बनाई गई थी.
SBI ग्राहकों को अभी क्या करना चाहिए?
संभावित डेटा लीक की खबर के बीच ग्राहकों को घबराने के बजाय सतर्क रहने की जरूरत है. व्यक्तिगत जानकारी का इस्तेमाल करके ठगी की कोशिश की जा सकती है, इसलिए कुछ सावधानियां जरूरी हैं.
- OTP और PIN साझा न करें: बैंक अधिकारी होने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति को भी OTP, ATM PIN, UPI PIN या पासवर्ड न बताएं.
- संदिग्ध लिंक से बचें: KYC अपडेट करने, खाता बंद होने या इनाम मिलने का लालच देने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करें.
- फर्जी कॉल और मैसेज से सावधान रहें: किसी कॉल या मैसेज में बैंक से जुड़ी सही जानकारी होने भर से उसकी प्रामाणिकता सुनिश्चित नहीं होती.
- खाते के लेनदेन पर नजर रखें: बैंक के SMS और अन्य अलर्ट पर ध्यान दें। किसी अनधिकृत लेनदेन की जानकारी मिलने पर तुरंत बैंक को सूचित करें.
- आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल करें: बैंकिंग सेवाओं के लिए SBI की आधिकारिक वेबसाइट, ऐप या सत्यापित ग्राहक सेवा माध्यमों का ही उपयोग करें.
यदि किसी ग्राहक के साथ वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होती है, तो उसे तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करना चाहिए और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए.
जांच के नतीजों से स्पष्ट होगा डेटा लीक का वास्तविक दायरा
SBI ने संभावित साइबर घटना की जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी की मदद ली है. अब जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि कथित डेटा का स्रोत क्या है, रिकॉर्ड कितने पुराने हैं और क्या ग्राहकों की अन्य संवेदनशील जानकारियां भी जोखिम में हैं.
फिलहाल शुरुआती विश्लेषण में 3,897 रिकॉर्ड में व्यक्तिगत पहचान संबंधी जानकारी मिलने की बात सामने आई है. इसे पूरे SBI सिस्टम के हैक होने या इतने ग्राहकों के बैंक खाते खतरे में पड़ने का प्रमाण नहीं माना जा सकता.
जांच की अंतिम रिपोर्ट से ही इस मामले की वास्तविक स्थिति, प्रभावित डेटा का दायरा और ग्राहकों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. तब तक ग्राहकों के लिए सबसे जरूरी है कि वे अपने बैंकिंग अलर्ट पर नजर रखें और किसी के साथ गोपनीय जानकारी साझा न करें.