CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- चार बार की सरकार में पाले 10 लाख गुंडे, कराए 1500 से ज्यादे दंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के चौरीचौरा में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
CM योगी का सपा पर तीखा हमला
CM योगी का सपा पर तीखा हमला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के चौरीचौरा में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. सीएम योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकारों पर अपराधियों को संरक्षण देने, माफियाराज को बढ़ावा देने और प्रदेश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की चार सरकारों में 10 लाख गुंडे पाले गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, लेकिन भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है.

मुख्यमंत्री रविवार को चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के भोपा बाजार में जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इससे पहले उन्होंने चौरीचौरा शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने 1,663 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया.

सपा की चार सरकारों में पाले गए 10 लाख गुंडे: CM योगी

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा की सरकारों में अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने अपने शासनकाल में अपराध और अराजकता को बढ़ावा दिया.

सीएम योगी ने कहा, “सपा की प्रदेश में चार बार सरकार रही, इन चार कार्यकाल में 10 लाख गुंडे पाले गए थे. ये लोग लूटपाट करते थे और अराजकता फैलाते थे. भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी. इन गुंडों को मिट्टी में मिला दिया.”

उन्होंने आगे कहा कि सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है.

योगी ने कहा, “सपा अपराध बढ़ाती थी. उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था. भाजपा की डबल इंजन सरकार ने आत्मनिर्भर बना दिया है. वे बदमाश लाते थे, भाजपा बदलाव ला रही है. उत्तर प्रदेश अब पतन का नहीं, प्रगति की धरती बन गई है. यह शोषण की नहीं, संस्कृति की धरती बन गई है. यहां दंगा नहीं होता, उपद्रव नहीं होता। यहां उत्सव है.”

‘देख सपाई, बिटिया घबराई’, सपा राज में बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार पर महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सपा शासन में बेटियों को स्कूल जाने और व्यापारियों को कारोबार करने में डर लगता था. त्योहारों से पहले दंगे और उपद्रव होते थे.

सीएम योगी ने कहा, “कांग्रेस व सपा के लोग किस नैतिकता की बात करते हैं. सपा की भी सरकार थी, तब नारा चलता था- देख सपाई, बिटिया घबराई. तब हर बेटी स्कूल जाने में डरती थी. हर व्यापारी, व्यापार करने में डरता था. त्योहारों से पहले उपद्रव होता था, दंगा होता था. सपा का मतलब, बदमाश को बुला देना. भाजपा का मतलब, बदलाव का सारथी बन जाना.” उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

योगी ने कहा, “हमारी सरकार ने तय किया कि बेटी को छेड़ोगे या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाओगे तो जेल होगी या जहन्नुम मिलेगी, तीसरी कोई जगह नहीं होगी.”

सपा ने दिया ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’,

सीएम योगी ने सपा सरकार के कार्यकाल पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकार में अपराधियों और माफियाओं का प्रभाव था. वहीं, भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास और रोजगार को प्राथमिकता दी है.

मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा ने 10 सालों में 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया है. माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है. वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था. वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन दिया है.” उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की रफ्तार बढ़ी है और अब लोगों को सुरक्षा के साथ रोजगार और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं.

चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी करने नहीं आए थे जवाहरलाल नेहरू: योगी

मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस और पंडित जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 4 फरवरी 1922 की घटना के बाद अंग्रेजों ने 172 क्रांतिकारियों को फांसी की सजा सुनाई थी. उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू उनकी पैरवी के लिए आगे नहीं आए, जबकि पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों का मुकदमा लड़ा था.

सीएम योगी ने कहा, “चौरी चौरा की घटना का प्रभाव इतना ज्यादा था कि कांग्रेस का नेतृत्व भी हिल गया था. उसने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था. लेकिन कुछ नहीं रुका. चौरी चौरा नहीं रुका, गोरखपुर नहीं रुका और भारत का क्रांतिकारी नहीं रुका. पं. मदन मोहन मालवीय ने यहां के क्रांतिकारियों की पैरोकारी की.”

उन्होंने आगे कहा, “चौरी चौरा में 172 देशभक्तों को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी. कांग्रेस के लोग हायतौबा मचाते थे कि पं. जवाहर लाल नेहरू देश के बड़े अधिवक्ता थे. लेकिन सच्चाई क्या है कि जब चौरी चौरा के वीरों को फांसी की सजा दी थी तब पंडित जवाहरलाल नेहरू नहीं आए थे, तब कोई आया था पैरोकारी करने तो आए थे पं. मदन मोहन मालवीय ने, उन्होंने इतनी अच्छी पैरवी की थी कि 151 लोगों को फांसी के फंदे से छुड़ाने में सफलता प्राप्त कर ली थी.” मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित मदन मोहन मालवीय को भारत रत्न देकर उनके योगदान को सम्मान दिया है.

किसानों के लिए नया पैकेज लाएगी सरकार

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में नया पैकेज लेकर आएगी, जिससे प्राकृतिक या अन्य कारणों से नुकसान उठाने वाले किसानों को राहत मिल सके. योगी ने कहा, “हम किसानों के लिए एक नया पैकेज लेकर आएंगे, जिससे किसानों को जहां भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करेंगे.” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश को एक परिवार मानकर काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने डबल इंजन सरकार पर भरोसा किया है तो चौरी चौरा में विकास की गंगा बहती रहेगी. कुछ करने के लिए पूरे प्रदेश को एक परिवार मानना पड़ता है. हमने 25 करोड़ लोगों को अपना परिवार माना है.”

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप, बोले- पहले 100 रुपये में से 15 रुपये पहुंचते थे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और सरकारी धन में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पूरा पैसा लाभार्थियों तक नहीं पहुंचता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीधे बैंक खातों में धनराशि भेजी जा रही है. योगी ने कहा, “100 रुपया भेजो तो 15 रुपया पहुंचता था, नरेन्द्र मोदी के समय में 100 रुपया भेजा जाता है और 100 रुपया पहुंचता है.”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, शौचालय और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है. जनधन योजना के तहत 55 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं.

चौरीचौरा को मिली 1,663 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

सीएम योगी ने चौरीचौरा में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहां लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता था, लेकिन अब फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले घंटों जाम रहता था, आज वहां फ्लाईओवर बन गया, नगर पंचायत में यहां भी रेलवे ओवरब्रिज बन गया है, इसी नगर पंचायत में दो-दो ओवरब्रिज बन गया है. नगर पंचायत के लिए हम पैसे की व्यवस्था कर देंगे.” उन्होंने व्यापारियों को लेकर कहा कि विकास कार्यों के दौरान दुकानदारों को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा गया है.

योगी ने कहा, “हमारी इच्छा थी कि फ्लाईओवर बने लेकिन दुकान न टूटे. किसी व्यापारी को कष्ट नहीं होना चाहिए. व्यापारी भारत की रीढ़ होता है. पहले व्यापारी सुरक्षित नहीं था. बेटी सुरक्षित नहीं थी. यह सपा का संस्कार था.”

देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे विपक्षी दल

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ माहौल बनाने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से परेशान लोग सरकार का विरोध कर रहे हैं.

योगी ने कहा, “आज देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश की जा रही है.” उन्होंने लोगों से ऐसे तत्वों के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि देश की एकता, सुरक्षा और विकास के रास्ते में बाधा डालने वाली ताकतों को सफल नहीं होने देना चाहिए.

संबंधित खबरें

‘विदेश से आदेश आया कि…’, अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला, राहुल गांधी को घेरा

CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- चार बार की सरकार में पाले 10 लाख गुंडे, कराए 1500 से ज्यादे दंगे

गेंदबाजों ने फिर कटाई भारत की किरकिरी, सीफर्ट-फिलिप्स ने की जमकर धुनाई, पांचवें टी20 में भी मिली हार

‘1984 के सिख नरसंहार के लिए राहुल गांधी मांगे माफी……’, नितिन नवीन का कॉंग्रेस पर तीखा हमला

INDIA गठबंधन की रैली से दिल्ली के कारोबार पर संकट! त्योहारों में रैली क्यों? व्यापारियों ने पूछा- दिवाली के बाद……….?

Recommended Stories

‘विदेश से आदेश आया कि…’, अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला, राहुल गांधी को घेरा

CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- चार बार की सरकार में पाले 10 लाख गुंडे, कराए 1500 से ज्यादे दंगे

गेंदबाजों ने फिर कटाई भारत की किरकिरी, सीफर्ट-फिलिप्स ने की जमकर धुनाई, पांचवें टी20 में भी मिली हार

‘1984 के सिख नरसंहार के लिए राहुल गांधी मांगे माफी……’, नितिन नवीन का कॉंग्रेस पर तीखा हमला

INDIA गठबंधन की रैली से दिल्ली के कारोबार पर संकट! त्योहारों में रैली क्यों? व्यापारियों ने पूछा- दिवाली के बाद……….?