“14 से 114 पदक की यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा”, पैरा एथलीटों से बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 5 नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की.
PM मोदी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 के चैंपियन खिलाड़ियों से की मुलाकात

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 5 नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी मेहनत ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है. भारत ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक अपने नाम किए. भारतीय खिलाड़ियों ने 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल जीते. यह एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

’14 से 114 पदक की यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा है’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- “एक समय था, जब ज्यादातर खेलों में भारत की भागीदारी एक औपचारिकता समझी जाती थी. पैरा गेम्स में तो देश बहुत पीछे था. 2010 के पैरा एशियन गेम्स में भारत ने केवल 14 मेडल जीते थे. वहीं, इस बार हमारे खिलाड़ी 114 मेडल लेकर आए हैं. 14 से 114 मेडल की यह यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है.“

पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से न केवल पदक जीते हैं, बल्कि करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है. उन्होंने कहा कि आज भारत खेलों की दुनिया में तेजी से एक बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है.

‘सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है’

प्रधानमंत्री ने पैरा खिलाड़ियों के जज्बे और हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा “आप सभी पैरा एथलीटों ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है. मैं आप सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत बधाई देता हूं.”

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवारों, ट्रेनर्स और कोच की भी बड़ी भूमिका है. प्रधानमंत्री ने सभी परिवारों और प्रशिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान की सराहना की.

कोच और परिवारों की मेहनत को भी किया सलाम

पीएम मोदी ने बोला- “मैंने पहले भी कहा था, एक सामान्य खिलाड़ी के पीछे कोच को जितनी मेहनत करनी पड़ती है, पैरालंपिक के लिए उससे अनेक गुना ज्यादा मेहनत करनी होती है, तब जाकर के रंग बिखरते हैं. इसलिए उनको मैं विशेष बधाई देता हूं, उनका अभिनंदन करता हूं.” प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं हैं, बल्कि यह पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।

भारत ने एशियन पैरा गेम्स में बनाया नया रिकॉर्ड

एशियन पैरा गेम्स 2026 का आयोजन 18 से 24 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में हुआ था. इस प्रतियोगिता में भारत के 97 पैरा एथलीटों ने कुल 114 पदक जीतकर इतिहास रच दिया.

भारत का पदक विवरण इस प्रकार रहा:

  • गोल्ड मेडल: 30
  • सिल्वर मेडल: 35
  • ब्रॉन्ज मेडल: 49
  • कुल पदक: 114

भारत ने 2023 में हांगझोऊ में हुए एशियन पैरा गेम्स के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ दिया. उस प्रतियोगिता में भारत ने 108 पदक जीते थे.

खेलों में भारत की बढ़ती ताकत का संकेत

पैरा एथलीटों का यह प्रदर्शन दिखाता है कि भारत में पैरा स्पोर्ट्स का दायरा लगातार बढ़ रहा है. खिलाड़ियों की मेहनत के साथ बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी इस सफलता में अहम भूमिका निभा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान उनके संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों को देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया.

संबंधित खबरें

यूपी में धनतेरस से छठ पूजा तक नहीं होगी बिजली कटौती

यूरोप के आसमान में बम धमाकों की धमकी से हड़कंप, 25 से ज्यादा उड़ानें निशाने पर

“14 से 114 पदक की यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा”, पैरा एथलीटों से बोले PM मोदी

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, 23 साल के करियर को कहा अलविदा

बिहार के सीवान में सनसनीखेज वारदात: दुकान में युवक पर तेजाब डालकर लगाई आग

Recommended Stories

यूपी में धनतेरस से छठ पूजा तक नहीं होगी बिजली कटौती

यूरोप के आसमान में बम धमाकों की धमकी से हड़कंप, 25 से ज्यादा उड़ानें निशाने पर

“14 से 114 पदक की यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा”, पैरा एथलीटों से बोले PM मोदी

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, 23 साल के करियर को कहा अलविदा

बिहार के सीवान में सनसनीखेज वारदात: दुकान में युवक पर तेजाब डालकर लगाई आग