यूरोप में गुरुवार को एक बार फिर कई यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं. कम से कम 25 उड़ानें इन धमकियों के निशाने पर रहीं. सुरक्षा के मद्देनजर कुछ विमानों का रास्ता बदला गया, जबकि कई को लड़ाकू विमानों की निगरानी में सुरक्षित उतारा गया. जांच में अब तक किसी विमान से विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है. यूरोप के अलग-अलग देशों में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कई यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 5 नवंबर को कम से कम 25 यात्री उड़ानों को धमकियां मिलीं. यह इस सप्ताह सामने आई धमकियों की दूसरी बड़ी लहर थी. इससे पहले मंगलवार को भी यूरोप में सात विमानों और एक क्रूज जहाज को इसी तरह की धमकियां मिली थीं.
फ्रांस में एयरलिंगस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
सबसे चर्चित घटनाओं में डबलिन से रोम जा रही एयरलिंगस की फ्लाइट EI402 शामिल रही. बम की धमकी मिलने के बाद विमान को अपने निर्धारित रास्ते से हटाकर फ्रांस के एव्रेक्स स्थित सैन्य एयरबेस पर उतारा गया. फ्रांस के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, विमान में 151 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सभी सुरक्षित रहे. विमान के उतरने के बाद बम निरोधक दस्ते ने जांच शुरू की. यात्रियों की भी सुरक्षा जांच की गई. फ्रांसीसी लड़ाकू विमान ने भी एयरलिंगस की उड़ान को एव्रेक्स तक एस्कॉर्ट किया.
इटली में फाइटर जेट्स ने फिनएयर विमान को दी सुरक्षा
हेलसिंकी से रोम आ रही फिनएयर की फ्लाइट AY1761 को भी बम की धमकी मिली. इसके बाद इटली की वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने उसे सुरक्षा घेरे में लिया और रोम के फिमिसिनो एयरपोर्ट तक पहुंचाया. विमान के उतरने के बाद पुलिस और बम निरोधक विशेषज्ञों ने उसकी तलाशी ली. जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. फिनएयर ने भी धमकी को झूठा बताया. इसी एयरलाइन की हेलसिंकी से वियना जा रही एक अन्य उड़ान को भी धमकी मिली थी, लेकिन वह सुरक्षित अपने गंतव्य पर उतरी.
बुल्गारिया में तीन विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग
बुल्गारिया में भी बम धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रहना पड़ा. लंदन के स्टैनस्टेड, कोपेनहेगन और मैड्रिड से सोफिया जा रही तीन रयानएयर उड़ानों को धमकी मिली. इनमें से दो विमान सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरे, जबकि तीसरे विमान को प्लोवदिव की ओर डायवर्ट किया गया. बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, तीनों विमानों को उसके हवाई क्षेत्र में लड़ाकू विमानों ने एस्कॉर्ट किया.
बेल्जियम, चेक गणराज्य और रोमानिया में भी जांच
पोलैंड की LOT एयरलाइंस की वारसॉ से ब्रुसेल्स जा रही उड़ान LO235 को भी सुरक्षा अलर्ट का सामना करना पड़ा. विमान ब्रुसेल्स एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। इसके बाद की गई जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में बम की धमकी मिलने के बाद चार विमानों की तलाशी ली गई. पुलिस के मुताबिक, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया. वहीं, मिलान से बुखारेस्ट जा रही विज एयर की उड़ान को भी धमकी मिली. विमान बुखारेस्ट में सुरक्षित उतरा और वहां उसकी जांच की गई. रोमानियाई अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी में कोई खतरा सामने नहीं आया.
रूस या ईरान का हाथ? अभी जांच एजेंसियों के पास ठोस सबूत नहीं
लगातार मिल रही धमकियों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर इनके पीछे कौन है. यूरोप में पहले भी रूस पर हाइब्रिड हमलों और तोड़फोड़ की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं. हालांकि, मौजूदा विमान धमकियों के लिए अभी तक किसी देश या संगठन को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है. यूरोपीय संघ के परिवहन आयुक्त अपोस्टोलोस त्जित्जिकोस्तास ने कहा कि अभी यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि सभी घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन धमकियों का साइबर हमले से कोई संबंध है या नहीं, प्रभावित देशों के साथ जानकारी साझा करने के लिए यूरोपीय संघ ने विमानन सुरक्षा से जुड़ा सूचना-साझाकरण तंत्र सक्रिय किया है.
इसी बीच यूरोप के कई देशों में सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम और फ्रांस की ब्लड स्टोरेज सुविधाओं के कूलिंग सिस्टम पर साइबर हमलों की खबरें भी सामने आई हैं. इन घटनाओं ने हाइब्रिड हमलों को लेकर चिंता बढ़ाई है, लेकिन विमान धमकियों और साइबर हमलों के बीच किसी सीधे संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल यूरोपीय देशों की सुरक्षा एजेंसियां इन धमकियों की जांच कर रही हैं. सबसे बड़ी राहत यह है कि सभी प्रभावित विमानों में यात्री और क्रू सुरक्षित रहे तथा अब तक किसी भी विमान में विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.


