कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली के मौके पर दिए गए शुभकामना संदेश को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. खरगे के संदेश में ‘खुशियों की ईद’ का जिक्र किए जाने पर बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच एंटी इंडिया और एंटी हिंदू है. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां लगातार विवाद खड़ा कर रही हैं.
‘खरगे ने दीपावली को खुशियों की ईद बना दिया’
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि देश की राजनीति लगातार निम्न स्तर की ओर जा रही है. उन्होंने धनतेरस के मौके पर सोने की खरीदारी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. बीजेपी नेता ने कहा कि धनतेरस के दिन भारत ने पूरे यूरोप से ज्यादा सोना खरीदा, लेकिन राहुल गांधी को देश की अर्थव्यवस्था कमजोर नजर आती है.
खरगे के बयान पर उन्होंने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दीपावली को खुशियों की ईद बना दिया, भारतीय संस्कृति को किस सीमा तक जाकर अपमानित कर सकते हैं.”
उन्होंने आगे कहा कि दुनिया के मुस्लिम देशों के नेता भी दीपावली की शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष इसे ‘खुशियों की ईद’ बता रहे हैं. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के प्रदूषण संबंधी बयान और सोनिया गांधी की बाबरी मस्जिद से जुड़ी कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया.
यूपी चुनाव में मुस्लिम वोट के लिए दिए जा रहे बयान?
बीजेपी नेता ने इन बयानों को उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति से जोड़ते हुए सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस और विपक्षी दल मुस्लिम वोटों को ध्यान में रखकर ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं. उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष की राजनीति में सनातन धर्म को लेकर विवादित टिप्पणियां की जा रही हैं. सुधांशु त्रिवेदी ने अयोध्या में राम मंदिर दर्शन और शक्ति प्रदर्शन से जुड़े बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति का एक ही एजेंडा रह गया है- सनातन धर्म का अपमान करना या सनातनियों के साथ छल करना।
मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर भी साधा निशाना
सुधांशु त्रिवेदी ने तृणमूल कांग्रेस के एक नेता का जिक्र करते हुए मुर्शिदाबाद में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित नेता को बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर चिंता है, लेकिन वह राम मंदिर नहीं जाने की बात करते हैं. बीजेपी नेता ने इसे धार्मिक मुद्दों पर विपक्ष के कथित दोहरे रवैये से जोड़ते हुए निशाना साधा.
सोनिया गांधी की किताब और प्रधानमंत्री पद को लेकर भी उठाए सवाल
सुधांशु त्रिवेदी ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला, उन्होंने 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार गिरने के बाद सोनिया गांधी के राष्ट्रपति भवन जाने और 272 सांसदों के समर्थन का दावा करने की घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय सोनिया गांधी खुद प्रधानमंत्री बनना चाहती थीं, लेकिन सहयोगियों का समर्थन नहीं मिला. बीजेपी नेता ने 2004 में सोनिया गांधी के राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (NAC) की अध्यक्ष बनने और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने पर भी सवाल उठाए. इसके अलावा उन्होंने आपातकाल को लेकर भी कांग्रेस को घेरा. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संजय गांधी के निधन के बाद भी राजीव गांधी ने आपातकाल के समर्थन में बयान दिया था.
दिवाली के संदेश से शुरू हुआ सियासी विवाद
दरअसल, दिवाली की शुभकामनाओं के दौरान खरगे के संदेश में ईद का उल्लेख किए जाने के बाद बीजेपी ने इसे भारतीय त्योहार और संस्कृति के संदर्भ में अनुचित बताते हुए सवाल उठाए हैं. सुधांशु त्रिवेदी ने इस मुद्दे को कांग्रेस की विचारधारा और विपक्ष की चुनावी रणनीति से जोड़ दिया है. इस तरह दिवाली की शुभकामनाओं से शुरू हुआ विवाद अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच सांस्कृतिक पहचान, सनातन धर्म और चुनावी राजनीति को लेकर जुबानी जंग में बदल गया है.


