पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार, 11 नवंबर को सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया. यहां से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 में हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के वॉशरूम में हाथ से लिखा हुआ एक धमकी भरा नोट मिला था. इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी.
उड़ान से ठीक पहले मिला धमकी भरा नोट
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया का विमान AI 772, एयरबस A320neo, कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान विमान के वॉशरूम में हाईजैक से जुड़ा एक नोट मिलने की बात सामने आई. नोट की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने तुरंत ATC को अलर्ट किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. विमान को नियमित पार्किंग क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा जांच की प्रक्रिया शुरू की गई.
विमान में 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर थे सवार
रिपोर्टों के अनुसार, घटना के समय विमान में 93 यात्री और पांच क्रू मेंबर मौजूद थे. धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाए. विमान की जांच और धमकी से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
क्या फर्जी थी हाईजैक की धमकी?
फिलहाल धमकी भरे नोट की वास्तविकता और उसे लिखने वाले व्यक्ति के बारे में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. शुरुआती जानकारी में किसी यात्री से जुड़े संभावित विवाद की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है. सुरक्षा जांच पूरी होने और अधिकारियों की पुष्टि के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने दहशत फैलाने के इरादे से ऐसा किया था.


