असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। घटनास्थल पर पुलिस और बचाव दल की टीमें मौजूद हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है.
असम के काजीरंगा में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है. गोलाघाट जिले के रोंगाजान इलाके में बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.
गोलाघाट जिले के जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि काजीरंगा के पास रोंगाजान इलाके में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की जान चली गई है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
बस में सवार थे 35 से ज्यादा यात्री
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त यात्री वाहन में 35 से ज्यादा लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैवलर वाहन एक ट्रेलर से जा टकराया, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री वाहन में सवार कई लोगों की जान चली गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 23 लोगों की मौत हो चुकी है, उन्होंने कहा, ”हमें शुरुआती रिपोर्ट मिली है। हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई है. हम सभी मौके पर मौजूद हैं और बस से शव निकाले जा रहे हैं. इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.”
फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है. पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है.
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने जताया गहरा दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने काजीरंगा में हुए इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई.
मुख्यमंत्री ने कहा, ”आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है. इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. कोई भी शब्द उनके दुख को पाट नहीं सकता, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं. दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.”
घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा कि इस समय सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
उन्होंने आगे कहा, ”हमें प्राथमिक तौर पर यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन मेडिकल फैसिलिटी मिले। माननीय मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं, मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं.”
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शवों को निकालने का काम जारी है. हादसे के वास्तविक कारणों और घायलों की कुल संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.


