भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की है. सांसें रोक देने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया ने एक समय लगभग हारी हुई बाजी को पलटते हुए पाकिस्तान को एक विकेट से शिकस्त दी. पाकिस्तान ने भारत के सामने जीत के लिए 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था. भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने से मुकाबला हाथ से निकलता दिखाई देने लगा. ऐसे मुश्किल समय में मोहित उलवा ने मोर्चा संभाला और अपनी शानदार बल्लेबाजी से भारत को चैंपियन बना दिया.
252 रन पर गिर गए थे भारत के 8 विकेट
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय बेहद मुश्किल स्थिति में पहुंच गई थी. टीम के आठ विकेट महज 252 रनों पर गिर चुके थे. जीत के लिए अभी 86 रनों की जरूरत थी, जबकि भारत के पास सिर्फ दो विकेट बाकी थे. ऐसे में मैनाल चौहान और मोहित उलवा ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारतीय टीम की मुकाबले में वापसी कराई. हालांकि, इस साझेदारी के टूटने के बाद एक बार फिर पाकिस्तान का पलड़ा भारी हो गया. भारत को जीत के लिए 29 रन चाहिए थे और हाथ में सिर्फ एक विकेट बचा था.
लेकिन मोहित उलवा ने हार नहीं मानी. उन्होंने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और मुकाबले का रुख पलट दिया.
आखिरी गेंद पर चाहिए थे 3 रन, मोहित ने चौका लगाकर दिलाई जीत
मुकाबले का रोमांच अंतिम दो ओवरों में अपने चरम पर पहुंच गया. भारत को जीत के लिए 12 गेंदों में 25 रनों की जरूरत थी और सिर्फ एक विकेट शेष था. ऐसे में मोहित उलवा ने 49वें ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़कर भारतीय टीम की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस ओवर में कुल 17 रन आए. अब भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए आठ रनों की जरूरत थी. पाकिस्तान की ओर से अहमद हुसैन गेंदबाजी करने आए. उन्होंने पहली गेंद डॉट डाली, जबकि अगली गेंद वाइड रही। इसके बाद चार गेंदों पर चार सिंगल आए.
अब आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन और मुकाबला टाई करने के लिए दो रन चाहिए थे. मोहित उलवा ने अंतिम गेंद पर शानदार चौका लगाकर भारत को एक विकेट से जीत दिला दी. इसी के साथ टीम इंडिया अंडर-19 एशिया कप की चैंपियन बन गई. मोहित ने नाबाद 49 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली.
आर्यवीर सहवाग और लक्ष्या रैचंदानी ने दिलाई शानदार शुरुआत
पाकिस्तान के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों आर्यवीर सहवाग और लक्ष्या रैचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की. आर्यवीर सहवाग ने 58 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान लक्ष्या रैचंदानी ने 80 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया. हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम का मध्यक्रम लड़खड़ा गया और लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान ने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली. एक समय भारतीय टीम हार के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन निचले क्रम में मोहित उलवा और मैनाल चौहान की साझेदारी ने मैच की पूरी तस्वीर बदल दी.
पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने जड़ा शानदार शतक
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा था. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने 111 गेंदों में 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 11 चौके और तीन छक्के लगाए. उस्मान खान ने अब्दुल कादिर के साथ दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. अब्दुल कादिर ने भी भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 54 गेंदों में 80 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में आठ छक्के और तीन चौके शामिल रहे.
इसके अलावा पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने भी शानदार अर्धशतक लगाया. उन्होंने 60 गेंदों में 63 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
परेश पटेल ने झटके चार विकेट
भारत की ओर से परेश पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने अपने 10 ओवरों में 68 रन देकर चार विकेट हासिल किए। वहीं, विजय सुभाष ने पांच ओवरों में 40 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाए. पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने भले ही भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने आखिरी गेंद तक संघर्ष करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
मोहित उलवा बने भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो
फाइनल मुकाबले में मोहित उलवा ने जिस तरह मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी की, वह भारतीय टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी. आठ विकेट गिरने के बाद उन्होंने न सिर्फ टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा, बल्कि आखिरी विकेट के लिए संघर्ष करते हुए भारत को खिताब तक पहुंचाया. पाकिस्तान जीत से महज एक विकेट दूर था, लेकिन मोहित की नाबाद 49 रनों की पारी ने पूरी बाजी पलट दी. आखिरी गेंद पर चौके के साथ भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया.


