उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब तक कांग्रेस की ओर से 125 से 150 सीटों की मांग किए जाने की खबरें थीं. इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संकेत दिया है कि कांग्रेस ने विधानसभा की 403 सीटों में से 181 सीटों की मांग की है.
सीट शेयरिंग पर क्या बोले अखिलेश यादव?
अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के रिश्ते काफी अच्छे हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने 100 सीटों की मांग की है, तो उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा सीटें मांगी गई हैं.
इसके बाद 200 सीटों की मांग के सवाल पर अखिलेश ने हंसते हुए कहा कि इससे थोड़ी कम. वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने 180 सीटें मांगी हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “180 में एक और जोड़ लीजिए.” अखिलेश के इस जवाब से संकेत मिला कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग की है.
17 नवंबर को हो सकती है अहम बैठक
अखिलेश यादव के बयान के बाद यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. हालांकि, दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला अभी बाकी है. आगामी 17 नवंबर को सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच बैठक होने की संभावना है, जिसमें सीट शेयरिंग के फार्मूले पर चर्चा हो सकती है.


