उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. रोड शो में फूल बरसाने के लिए लाए गए बुलडोजर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत होने की जानकारी सामने आई है. इस दर्दनाक घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है.
जन चौपाल को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सवाल किया कि आखिर उस मासूम की गलती क्या थी, जिसकी जान राजनीतिक रोड शो के दौरान चली गई? मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की अराजकता के कारण एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, लेकिन सपा नेताओं की ओर से संवेदना के दो शब्द तक सामने नहीं आए.
‘आखिर उस मासूम की गलती क्या थी?’ सीएम योगी ने सपा को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्यवर्धन सिंह की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी के रोड शो की व्यवस्थाओं और उसमें कथित अराजकता पर गंभीर सवाल उठाए. सीएम योगी ने कहा, “आखिर उस मासूम की गलती क्या थी? आज मैं उस परिवार से मिलने जाऊंगा. सपा की अराजकता ने बच्चे की जान ले ली.” उन्होंने कहा कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के नाम पर सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों की वजह से एक निर्दोष बच्चे की मौत हो गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए.
‘मासूम की जान चली गई, लेकिन संवेदना के दो शब्द तक नहीं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि रोड शो के दौरान एक मासूम की मौत हो गई, लेकिन अराजकता को बढ़ावा देने वालों के पास परिवार के लिए संवेदना व्यक्त करने के शब्द तक नहीं थे. योगी ने कहा, “कल की अराजकता में उस मासूम की निर्मम हत्या कर दी गई, लेकिन माफिया पोषक लोगों के पास संवेदना के दो शब्द तक नहीं थे.” उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफियाराज का बोलबाला था, मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा लंबे समय तक माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने वाली राजनीति की पहचान रही है. सीएम योगी ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोग “कुत्ते की टेढ़ी पूंछ की तरह हैं, जो कभी सीधे नहीं हो सकते।”
‘अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनीं कि सपा-कांग्रेस के लोग गुंडागर्दी करें’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोड शो के दौरान हुई घटना को लेकर कहा कि “उत्तर प्रदेश की सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं, अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनी हैं कि सपा और कांग्रेस के लोग उन पर गुंडागर्दी करें.” सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को रोड शो के दौरान अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कदम उठाएगी।
‘माफियागिरी की तो मिट्टी में मिला देंगे
सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर किसी ने माफियागिरी करने की कोशिश की तो उन्हें मिट्टी में मिलाने में देर नहीं होगी.” उन्होंने आगे कहा, “अगर कोई अराजकता फैलाने और माफियागिरी का काम करेगा तो जेल या जहन्नम उनकी जगह होगी, तीसरी कोई जगह नहीं होगी.” मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी, राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान भी कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए.
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनौती, बोले- ‘आ जाइए, दो-दो हाथ कर लिया जाए’
समाजवादी पार्टी पर अपने हमले के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से राजनीतिक मुकाबले की चुनौती भी दी. योगी ने कहा, “अखिलेश यादव, आ जाइए अयोध्या से, दो-दो हाथ कर लिया जाए।”
मुख्यमंत्री की इस चुनौती के बाद सपा और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है. योगी ने एक तरफ PDA रोड शो के दौरान बच्चे की मौत को लेकर सपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव को सीधे राजनीतिक मुकाबले की चुनौती दी.
‘कांग्रेस, सपा और हैदराबाद से आने वाले एक ही थाली के चट्टे-बट्टे’
सीएम योगी ने कहा, “जिन्होंने उत्तर प्रदेश को रौंदा हो, असुरक्षित किया हो, प्रदेश के सामने पहचान का संकट पैदा किया हो, चाहे कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो और जो हैदराबाद से आए हों, ये सभी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दलों की राजनीति ने पहले उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाया था. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपराध और अराजकता के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी.
बुलडोजर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी, बताया गया कि रोड शो में फूल बरसाने के लिए एक बुलडोजर लाया गया था, इसी बुलडोजर की चपेट में आने से किशोर की जान चली गई. मृतक आर्यवर्धन सिंह, ओंकार सिंह श्रीनेत के पुत्र थे. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. आर्यवर्धन का अंतिम संस्कार आज सुबह राप्ती नदी के तट पर स्थित राजघाट पर किया गया.
पीड़ित परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री आज आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी स्थित ओंकार सिंह श्रीनेत के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे. सीएम योगी ने कहा कि वह परिवार के दुख में उनके साथ खड़े हैं और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए.


