बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके पीछे बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जिशान अख्तर का हाथ होने की आशंका है. हालांकि, मुंबई पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
AI के जरिए धमकी देने की आशंका
इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना समेत कई कलाकारों को धमकियां मिल चुकी हैं. इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया था कि वह किसी गैंग से जुड़ा नहीं था, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर धमकियां दे रहा था. पुलिस सैफ के मामले में भी इस संभावना की जांच कर रही है।
जनवरी 2025 में सैफ पर हुआ था चाकू से हमला
16 जनवरी 2025 को मुंबई के बांद्रा स्थित घर में घुसे एक हमलावर ने सैफ अली खान पर चाकू से कई वार किए थे. आरोपी ने घर में मौजूद नर्स से एक करोड़ रुपये की मांग की थी. हमले में घायल सैफ की लीलावती अस्पताल में सर्जरी हुई और 22 जनवरी को उन्हें छुट्टी मिली.
हमले के आरोपी के खिलाफ चल रहा मुकदमा
पुलिस ने 19 जनवरी 2025 को मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को ठाणे से गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बांग्लादेशी नागरिक था और विजय दास के नाम से रह रहा था. अप्रैल 2025 में उसके खिलाफ करीब 1,600 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई. अगस्त 2026 में अदालत ने आरोप तय किए और 24 अक्टूबर से मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई. सुनवाई के दौरान घर में काम करने वाली नर्स ने आरोपी की पहचान की थी.
फिलहाल मुंबई पुलिस नई धमकी के स्रोत की जांच कर रही है. जनवरी 2025 के हमले और मौजूदा धमकी के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.


