कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के खाताधारकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. ईपीएफओ बोर्ड की बैठक में पीएफ खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने का फैसला लिया गया है. नए नियम के मुताबिक, कर्मचारी निर्धारित शर्तों के तहत अपने पीएफ बैलेंस का 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे.
10 लाख रुपये के PF खाते से निकाल सकेंगे 9 लाख
नए फैसले के अनुसार, अगर किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में 10 लाख रुपये जमा हैं, तो उसे केवल एक लाख रुपये खाते में रखना होगा. बाकी 9 लाख रुपये जरूरत पड़ने पर निकाले जा सकेंगे। पहले 25 प्रतिशत बैलेंस बनाए रखना जरूरी था, जिससे कर्मचारी अधिकतम 7.5 लाख रुपये ही निकाल सकता था. हालांकि, निकासी निर्धारित पात्रता और नियमों के अधीन होगी.
किस्तों में पैसा निकालने की सुविधा को मंजूरी
ईपीएफओ बोर्ड ने रिटायरमेंट के बाद सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को भी मंजूरी दी है. इसके तहत कर्मचारी अपनी जमा राशि एकमुश्त निकालने के बजाय किस्तों में निकाल सकेंगे. इससे खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा और जरूरत के मुताबिक पैसा निकालने की सुविधा होगी.
न्यूनतम पेंशन बढ़ाने पर भी चर्चा
बैठक में कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत न्यूनतम मासिक पेंशन बढ़ाने का मुद्दा भी उठा, फिलहाल न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये है. कर्मचारी संगठन इसे बढ़ाकर 7,500 रुपये करने की मांग कर रहे हैं, जबकि 3,000 रुपये तक बढ़ोतरी की संभावना भी चर्चा में रही है.
वेज सीलिंग बढ़ाने का प्रस्ताव
इससे पहले 16 सितंबर की बैठक में ईपीएफओ की वेज सीलिंग 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये मासिक करने का मुद्दा सामने आया था. अनुमान है कि इससे 50 लाख से एक करोड़ अतिरिक्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने में मदद मिल सकती है. इन बदलावों के लागू होने और निकासी की विस्तृत शर्तों को लेकर कर्मचारियों को ईपीएफओ की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा.


