कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर आजम खान का बड़ा बयान, बोले- कुर्बानी देनी पड़ी तो देंगे

कांग्रेस से सीट शेयरिंग को लेकर आजम खान ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सीट बंटवारे में कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे.
कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर आजम खान का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी बीच सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ सम्मानजनक समझौता होगा और अगर सीटों के बंटवारे में कुछ ज्यादा भी देना पड़ा तो समाजवादी पार्टी कुर्बानी देने के लिए तैयार है. आजम खान ने कांग्रेस की मौजूदा लीडरशिप को पहले की कांग्रेस से अलग बताते हुए जांच एजेंसियों और चुनाव आयोग पर भी गंभीर सवाल उठाए.

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर आजम खान ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस की ओर से कथित तौर पर 181 सीटें मांगे जाने के सवाल पर आजम खान ने दिलचस्प जवाब दिया, उन्होंने कहा, “मांगने के सिलसिले में हमने बचपन से एक कहावत सुनी है कि लाइसेंस तोप का मांगो तो तमंचे का मिल जाएगा.” आजम खान ने कहा, “मेरी उन लोगों से बहुत अच्छे रिश्ते हैं और यह वह कांग्रेस नहीं है. यह मैंने बिल्कुल यूं ही आपको हंसाने के लिए कह दिया.” उनके इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रखने के पक्ष में हैं, लेकिन सीटों के बंटवारे में सम्मानजनक समझौते को जरूरी मानते हैं.

‘यह पहले वाली कांग्रेस नहीं है’, आजम खान ने क्यों कही ये बात?

आजम खान ने कांग्रेस के साथ पुराने राजनीतिक मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की मौजूदा लीडरशिप पहले जैसी नहीं है. उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस की वह लीडरशिप नहीं है जिसमें 6 दिसंबर हुआ था या जिसमें बाईस बटा तेईस दिसंबर 1949 की रात हुई थी, यह वह कांग्रेस नहीं है जिसमें ईद के दिन ईदगाह के मैदान में बहुत कुछ हुआ था, मलियाना हुआ था, मेरठ हुआ था.” आजम खान ने इन ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस नेतृत्व के प्रति उनकी ओर से कोई नकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने विवादों को मौजूदा गठबंधन के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहते.

‘सम्मानजनक बंटवारा होगा, ज्यादा देना पड़ा तो कुर्बानी देंगे’

सीट शेयरिंग को लेकर आजम खान ने कहा, “यही वजह है कि हमारी तरफ से किसी तरह का कोई रद्दे अमल नहीं है, उनके साथ सम्मानजनक समझौता होगा. सम्मानजनक बंटवारा होगा और अगर हमें उन्हें कुछ ज्यादा भी देना पड़ा तो ये कुर्बानी भी देंगे.” उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. हालांकि, कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी और समाजवादी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसे लेकर अभी कोई अंतिम समझौता सामने नहीं आया है.

चुनाव आयोग, ED और CBI पर भी साधा निशाना

गठबंधन के अलावा आजम खान ने संवैधानिक संस्थाओं और केंद्रीय जांच एजेंसियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “संवैधानिक संस्थाओं को खुद अपनी लाज रखनी चाहिए, अपने बारे में सोचना चाहिए. देश उनके बारे में क्या सोच रहा है, अगर उन्हें पता नहीं है तो ये उनकी गलती है.” चुनाव आयोग पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उसकी वजह से दुनिया में देश की बदनामी हुई है. इसके साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ED), आयकर विभाग (IT) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन एजेंसियों की कार्रवाई से लोग परेशान हैं.

’50 साल राजनीति की, लखनऊ में 10 बाई 10 का कमरा भी नहीं’

आजम खान ने अपनी संपत्ति को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा, “मेरे जैसा आदमी, जिसके पास इस घर के अलावा कोई जायदाद नहीं है. मेरे पास कोई और मकान नहीं है. जिस लखनऊ में मैंने पचास साल सियासत की, विधायक-सांसद रहा, चार बार मंत्री रहा, लेकिन 10 बाई 10 का भी मेरे पास कोई कमरा नहीं है.” उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा का हवाला देते हुए व्यक्तिगत संपत्ति को लेकर उठने वाले सवालों पर अपना पक्ष रखा.

आजम खान के इन बयानों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस-सपा गठबंधन, सीटों के संभावित बंटवारे और जांच एजेंसियों की भूमिका को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है.

संबंधित खबरें

ज्यादा नौकरियां पैदा करें और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाएं, FICCI सम्मेलन में PM मोदी की कंपनियों से बड़ी अपील

कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर आजम खान का बड़ा बयान, बोले- कुर्बानी देनी पड़ी तो देंगे

कार-बाइक मालिकों की बल्ले-बल्ले! अब 3 साल में बनवाना होगा PUC सर्टिफिकेट, जाने नये नियम

सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड पर शक

PF निकालने के नियमों में बड़ा बदलाव, अब खाते में 10% पैसा रखना होगा बैलेंस

Recommended Stories

ज्यादा नौकरियां पैदा करें और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाएं, FICCI सम्मेलन में PM मोदी की कंपनियों से बड़ी अपील

कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर आजम खान का बड़ा बयान, बोले- कुर्बानी देनी पड़ी तो देंगे

कार-बाइक मालिकों की बल्ले-बल्ले! अब 3 साल में बनवाना होगा PUC सर्टिफिकेट, जाने नये नियम

सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड पर शक

PF निकालने के नियमों में बड़ा बदलाव, अब खाते में 10% पैसा रखना होगा बैलेंस