लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में रविवार शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान जगह-जगह हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए गए और ब्लैकआउट का अभ्यास किया गया. युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित इस अभ्यास में धमाकों, आग लगने, इमारतों के क्षतिग्रस्त होने और लोगों के घायल होने जैसी स्थितियों का प्रदर्शन किया गया. लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान अचानक सायरन और धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद चारों तरफ अफरातफरी का दृश्य देखने को मिला. हालांकि, यह सब वास्तविक हमला नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों की जांच के लिए किया गया अभ्यास था.
धमाकों की आवाज से मची अफरातफरी
लखनऊ पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल के दौरान एक पार्क का दृश्य तैयार किया गया था, जहां कुछ लोग अखबार पढ़ रहे थे, कुछ भजन गा रहे थे और एक व्यक्ति अखबार बेच रहा था. इसी बीच अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी और हवाई हमले का सायरन बजने लगा. अभ्यास के तहत दिखाया गया कि हमले में कई लोग घायल हो गए हैं. किसी के सिर में चोट लगी थी तो किसी के हाथ और पैर में. मौके पर मौजूद सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने तुरंत घायलों को प्राथमिक उपचार देना शुरू किया और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया.
मलबे में फंसे लोगों को बचाने पहुंची SDRF की टीम
अभ्यास के दौरान बमबारी से इमारतों के क्षतिग्रस्त होने और मलबे में लोगों के दबने की स्थिति भी तैयार की गई. एक इमारत में धुआं भर जाने के कारण अंदर मौजूद लोगों के फंसने का दृश्य दिखाया गया. इस दौरान SDRF के जवान लोगों की तलाश करते हुए आवाज लगाते नजर आए. जवानों ने कहा, “अगर कोई मेरी आवाज सुन रहा है तो जवाब दे या किसी ठोस चीज पर पांच बार वार करे.” इसके जरिए यह प्रदर्शित किया गया कि वास्तविक आपदा के दौरान मलबे में दबे लोगों की पहचान और उन्हें सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया कैसे पूरी की जाती है.
कार का शीशा तोड़कर निकाला ड्राइवर, ऊंची इमारत से बचाए लोग
मॉक ड्रिल में एक कार में आग लगने और उसके दरवाजे जाम होने की स्थिति भी दिखाई गई. बचाव दल ने कार का शीशा तोड़कर अंदर फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला. इसके अलावा ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को रस्सियों और सुरक्षा जाल की मदद से नीचे उतारा गया. अभ्यास के दौरान एक रेस्तरां में गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति तैयार की गई, जिसे बुझाने के लिए बचावकर्मियों ने कार्रवाई की. अलग-अलग स्थानों पर लगी आग को पानी और गीले कंबल की मदद से नियंत्रित करने का प्रदर्शन भी किया गया.
NDRF, SDRF और सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा
इस व्यापक मॉक ड्रिल में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया. अभ्यास के दौरान यह जांचा गया कि किसी संभावित हवाई हमले या गंभीर आपातकाल में राहत और बचाव दल कितनी तेजी से घटनास्थल पर पहुंच सकते हैं. इसके साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने, आग बुझाने, इमारतों में फंसे लोगों को निकालने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने की तैयारियों को भी परखा गया.
शाम 6 बजे एक साथ गूंजे सायरन
प्रदेश के सभी जिलों में इस राज्यव्यापी अभ्यास की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 6 बजते ही विभिन्न जिलों में सायरन बजने लगे और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल शुरू हो गई. इसका मुख्य उद्देश्य युद्ध या किसी अन्य गंभीर संकट की स्थिति में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता का आकलन करना था. इस अभ्यास के जरिए प्रशासन ने यह परखने का प्रयास किया कि आपातकालीन हालात में सुरक्षा एजेंसियां और बचाव दल कितनी तत्परता से लोगों की जान बचाने और स्थिति को नियंत्रित करने में सक्षम हैं.


