बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा पर दुनिया की नजर, दिल्ली में क्या होगा खास?

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पदभार संभालने के बाद अपनी पहली भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे. इस दौरे में भारत-नेपाल संबंधों और दोनों देशों के बीच सहयोग पर चर्चा की उम्मीद है.
नेपाल
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र बालेन शाह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है. खास बात यह है कि पदभार संभालने के बाद वह पहली बार किसी विदेशी दौरे पर भी आए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 से 23 नवंबर तक भारत की यात्रा कर रहे बालेन शाह इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इस यात्रा में वह दोनों नेताओं को नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी दो विशेष मूर्तियां भेंट करेंगे.

पीएम मोदी को भेंट करेंगे रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, पीएम नरेंद्र मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति भेंट करेंगे. रातो मच्छिंद्रनाथ नेपाल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़े देवता हैं, जिनकी काठमांडू घाटी में विशेष मान्यता है. पारंपरिक नेपाली मान्यताओं के अनुसार, लिच्छवि राजवंश के राजा नरेंद्र देव रातो मच्छिंद्रनाथ को वर्तमान असम क्षेत्र से काठमांडू घाटी लेकर आए थे. यह धार्मिक परंपरा भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भी दर्शाती है.

राष्ट्रपति मुर्मू को देंगे चारुमति विहार से जुड़ी मूर्ति

बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को काठमांडू के चाबाहिल स्थित चारुमति विहार से संबंधित एक ऐतिहासिक मूर्ति भेंट करेंगे. इस बौद्ध विहार का इतिहास मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमति से जुड़ा माना जाता है. पारंपरिक कथाओं के अनुसार, सम्राट अशोक अपनी बेटी के साथ काठमांडू घाटी गए थे. बाद में चारुमति ने स्थानीय राजकुमार देवपाल से विवाह किया और देवपाटन क्षेत्र में बस गईं। मान्यता है कि चारुमति ने ही इस क्षेत्र में विहार की स्थापना करवाई थी और यहीं उनका निधन हुआ था.

भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने पर जोर

नेपाल के प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने सप्ताह की शुरुआत में बयान जारी किया था. मंत्रालय के मुताबिक, यह दौरा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय बातचीत की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला है. साथ ही यह भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाता है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा से द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का अवसर मिलेगा.

भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है नेपाल?

भारत और नेपाल के संबंध केवल राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्ते भी हैं. इन्हें अक्सर ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ कहा जाता है. नेपाल की भौगोलिक स्थिति भी भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. चारों ओर से जमीन से घिरा होने के कारण नेपाल व्यापार और पारगमन के लिए काफी हद तक भारत पर निर्भर है. नेपाल का अधिकांश आयात भारत से या भारतीय क्षेत्र के रास्ते होता है। इसके अलावा समुद्री व्यापार तक पहुंच के लिए भी नेपाल भारतीय मार्गों का इस्तेमाल करता है.

ऐसे में बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा के लिए भारत का चयन दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस दौरे में होने वाली उच्चस्तरीय बातचीत से व्यापार, संपर्क, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय साझेदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

संबंधित खबरें

UP Blackout Mock Drill: यूपी के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा पर दुनिया की नजर, दिल्ली में क्या होगा खास?

इस साल ₹53,700 सस्ता हुआ सोना, शादी के सीजन में बाजारों की बढ़ी रौनक

नेपाल के PM बालेन शाह का पहला भारत दौरा, क्या मोदी से मुलाकात के बाद रिश्तों में होगी नई शुरुआत?

बिहार में ‘नीतीश सेतु’ पर सियासी बवाल, PM मोदी के पोस्टर फाड़ने का VIDEO वायरल

Recommended Stories

UP Blackout Mock Drill: यूपी के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा पर दुनिया की नजर, दिल्ली में क्या होगा खास?

इस साल ₹53,700 सस्ता हुआ सोना, शादी के सीजन में बाजारों की बढ़ी रौनक

नेपाल के PM बालेन शाह का पहला भारत दौरा, क्या मोदी से मुलाकात के बाद रिश्तों में होगी नई शुरुआत?

बिहार में ‘नीतीश सेतु’ पर सियासी बवाल, PM मोदी के पोस्टर फाड़ने का VIDEO वायरल