पीएम मोदी से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने PM मोदी से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिससे भारत-नेपाल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
PM मोदी से मिले नेपाल के PM बालेन शाह

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) ने सोमवार को अपने भारत दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने नेपाल के जनकपुरधाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. दोनों देशों के बीच आज प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता भी होगी, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, निवेश, पारगमन और कनेक्टिविटी समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे बालेन शाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 36 वर्षीय बालेन शाह रविवार को नेपाल एयरलाइंस की नियमित व्यावसायिक उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे थे. मार्च 2026 में नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा है. इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे. बालेन शाह 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें उनके मुख्य सलाहकार कुमार बयांजनकर, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल का एक अलग कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है.

जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन से मजबूत होंगे धार्मिक संबंध

जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच शुरू होने वाली रेल सेवा भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल के जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है. इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी करेंगे मुलाकात

भारत यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी बालेन शाह से शिष्टाचार भेंट करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के संबंधों के प्रमुख पहलुओं की समीक्षा के साथ बुनियादी ढांचे के विकास और आपसी सहयोग को विस्तार देने पर जोर रहेगा.

कई महत्वपूर्ण समझौतों पर बन सकती है सहमति

नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान ऊर्जा सहयोग से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने पर चर्चा होगी. इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है. बालेन शाह नेपाल-भारत बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगे और भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इसका उद्देश्य नेपाल में निवेश के नए अवसर तलाशना और दोनों देशों के बीच कारोबारी साझेदारी को विस्तार देना है.

ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर रहेगा विशेष ध्यान

भारत और नेपाल के द्विपक्षीय संबंधों में ऊर्जा सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है. नेपाल अपनी अतिरिक्त जलविद्युत का निर्यात भारत को कर रहा है और भारतीय बिजली बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रहा है. दोनों देशों के बीच सीमा पार बिजली पारेषण नेटवर्क और ऊर्जा परियोजनाओं को लेकर भी सहयोग बढ़ रहा है.

भारत नेपाल का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है. समुद्र तक सीधी पहुंच नहीं होने के कारण नेपाल अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए भारतीय पारगमन मार्गों पर निर्भर है. ऐसे में परिवहन सुविधाओं और सीमा पार बुनियादी ढांचे का विस्तार नेपाल के आर्थिक विकास के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.

मार्च में सत्ता में आए थे बालेन शाह

नेपाल में सितंबर 2025 में युवा नेतृत्व वाले जेन-जी आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी. इसके करीब छह महीने बाद मार्च 2026 में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में बालेन शाह की सरकार बनी. सरकार गठन के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था.

नेपाल के नए प्रधानमंत्रियों की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा आमतौर पर भारत से शुरू करने की परंपरा रही है, हालांकि यह कोई अनिवार्य नियम नहीं है. वर्ष 2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस परंपरा से हटकर अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुना था.

भारत दौरे से पहले नेपाली कांग्रेस ने दी सलाह

बालेन शाह की भारत यात्रा से पहले नेपाल के मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने सरकार को द्विपक्षीय वार्ता में राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी है. पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि यह यात्रा नेपाल के हितों को सुनिश्चित करने के साथ दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर होनी चाहिए. उन्होंने पुराने समझौतों और प्रतिबद्धताओं को लागू करने, लंबित मुद्दों का समाधान निकालने तथा आपसी लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग की नींव रखने पर जोर दिया.

संबंधित खबरें

UP चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक, गठबंधन पर बनी सहमति

बिसलेरी के पानी में मिले कैंसर का खतरा बढ़ाने वाले केमिकल, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी

पीएम मोदी से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

UP Blackout Mock Drill: धमाकों और सायरन के बीच यूपी के 75 जिलों में हुआ ब्लैकआउट अभ्यास

UP Election 2027: कांग्रेस से सीट बंटवारे के लिए अखिलेश यादव ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी

Recommended Stories

UP चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक, गठबंधन पर बनी सहमति

बिसलेरी के पानी में मिले कैंसर का खतरा बढ़ाने वाले केमिकल, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी

पीएम मोदी से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

UP Blackout Mock Drill: धमाकों और सायरन के बीच यूपी के 75 जिलों में हुआ ब्लैकआउट अभ्यास

UP Election 2027: कांग्रेस से सीट बंटवारे के लिए अखिलेश यादव ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी