UP चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक, गठबंधन पर बनी सहमति

UP चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक हुई. दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बनने की खबर से यूपी की सियासत में हलचल तेज है.
UP चुनाव 2027
सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. एक तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में बैठकों का दौर शुरू हो गया है, तो दूसरी तरफ बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में सहयोगी दलों के बीच कुछ विधानसभा सीटों पर दावेदारी को लेकर खींचतान सामने आ रही है. सोमवार (23 नवंबर) को सपा और कांग्रेस के नेताओं ने सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत की. बैठक के बाद कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का मामला लगभग तय हो चुका है और जल्द ही आपसी सहमति से अंतिम फैसला घोषित किया जाएगा.

दिल्ली में सपा-कांग्रेस की बैठक, सीटों पर मंथन तेज

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर गठबंधन की रणनीति तैयार करने के लिए सपा और कांग्रेस ने बातचीत शुरू कर दी है. दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर पार्टी नेताओं की बैठक हुई. इसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे. वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से सांसद राजीव राय और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के आवास पर पहुंचे. बैठक से पहले इमरान मसूद ने भरोसा जताया कि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत सकारात्मक रहेगी और सभी मुद्दों का समाधान निकाल लिया जाएगा.

कांग्रेस बोली- सीट बंटवारे का मामला लगभग तय

सपा नेताओं के साथ बातचीत के बाद कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर भरोसा करती हैं. उन्होंने कहा, “दोनों पार्टियां सहमत हैं और एक-दूसरे पर भरोसा करती हैं. दोनों दल मिलकर चीजों को संभालेंगे. सीट बंटवारे का मामला लगभग तय हो चुका है और सम्मानजनक तरीके से समझौता होगा.” गौतम ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विवरण आपसी सहमति से तय होने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दलों के प्रतिनिधियों के बीच 23 और 24 नवंबर को बातचीत का कार्यक्रम है. इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूती और उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को आधार बनाने पर जोर दिया जा रहा है.

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर चर्चा

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत में 181 विधानसभा सीटों का आंकड़ा पहले से चर्चा में है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस की ओर से 181 सीटों पर दावेदारी की बात सामने आई थी. इनमें 135 सामान्य और 46 आरक्षित सीटें शामिल बताई गई थीं.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी स्पष्ट कर चुके हैं कि सीटों के बंटवारे में जीतने की क्षमता सबसे महत्वपूर्ण आधार होगी. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दोनों दल किस विधानसभा क्षेत्र में किस पार्टी की स्थिति मजबूत मानते हैं और अंतिम सहमति कितनी सीटों पर बनती है.

ब्रजेश पाठक ने विपक्षी गठबंधन पर साधा निशाना

सपा और कांग्रेस की बातचीत के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों पर हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि चाहे असदुद्दीन ओवैसी के साथ किसी दल का गठबंधन हो या सपा-कांग्रेस का गठबंधन, बीजेपी के मुकाबले ये सफल नहीं होंगे. ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी तीसरी बार भारी बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी. उन्होंने समाजवादी पार्टी से रामभक्तों पर गोली चलवाने, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण जैसे मुद्दों पर माफी मांगने की भी मांग की.

प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस को दी सलाह

शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी सपा-कांग्रेस के सीट बंटवारे को लेकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक स्थिति को देखते हुए कांग्रेस को सीट शेयरिंग में व्यावहारिक रुख अपनाना चाहिए. प्रियंका चतुर्वेदी ने महाराष्ट्र और बिहार के राजनीतिक अनुभवों का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि यदि सहयोगी दलों के बीच समय रहते सहमति नहीं बनी, तो गठबंधन को नुकसान उठाना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे में उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

NDA में भी सीटों को लेकर खींचतान

विपक्षी गठबंधन के अलावा बीजेपी के सहयोगी दलों के बीच भी सीटों को लेकर दावेदारी सामने आई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ की अतरौलिया और गोरखपुर की चौरीचौरा विधानसभा सीटों पर अपनी पार्टी की दावेदारी जताई है. इन दोनों सीटों पर निषाद पार्टी भी अपना दावा कर रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों सीटें निषाद पार्टी के हिस्से में आई थीं. चौरीचौरा से निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे ने जीत दर्ज की थी, जबकि अतरौलिया सीट पर समाजवादी पार्टी के संग्राम यादव विजयी हुए थे.

राजभर का तर्क है कि उनकी पार्टी इन क्षेत्रों में लंबे समय से संगठनात्मक काम कर रही है. वहीं, संजय निषाद पिछली बार के सीट बंटवारे और चुनावी प्रदर्शन के आधार पर दावेदारी कर रहे हैं.

2027 के चुनाव से पहले गठबंधन की रणनीति पर नजर

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटें जीती थीं, जबकि समाजवादी पार्टी को 111 और कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था. उत्तर प्रदेश में सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह लोकसभा सीटें जीती थीं. अब 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दल एक बार फिर साझा रणनीति बनाने में जुटे हैं. फिलहाल सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन जारी रखने पर सहमति जताई गई है, लेकिन सीटों की अंतिम संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों का बंटवारा घोषित होना बाकी है. वहीं, एनडीए में भी सहयोगी दलों की दावेदारी पर बातचीत आगे बढ़नी है.

संबंधित खबरें

UP चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक, गठबंधन पर बनी सहमति

बिसलेरी के पानी में मिले कैंसर का खतरा बढ़ाने वाले केमिकल, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी

पीएम मोदी से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

UP Blackout Mock Drill: धमाकों और सायरन के बीच यूपी के 75 जिलों में हुआ ब्लैकआउट अभ्यास

UP Election 2027: कांग्रेस से सीट बंटवारे के लिए अखिलेश यादव ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी

Recommended Stories

UP चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बड़ी बैठक, गठबंधन पर बनी सहमति

बिसलेरी के पानी में मिले कैंसर का खतरा बढ़ाने वाले केमिकल, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी

पीएम मोदी से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, जनकपुरधाम-अयोध्या ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

UP Blackout Mock Drill: धमाकों और सायरन के बीच यूपी के 75 जिलों में हुआ ब्लैकआउट अभ्यास

UP Election 2027: कांग्रेस से सीट बंटवारे के लिए अखिलेश यादव ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी