उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. सपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में युवाओं, खासकर जेनरेशन-Z (Gen-Z), महिलाओं, किसानों, मजदूरों और PDA वर्ग को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं. पार्टी ने रोजगार, सामाजिक न्याय, कौशल विकास और आर्थिक सहायता को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुख स्थान दिया है. प्रदेश में सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं को मासिक पोषण भत्ता देने से लेकर लाखों सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने का ऐलान किया गया है.
पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा
समाजवादी पार्टी ने सरकार बनने पर अगले पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है. इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. सरकारी विभागों में सभी रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने और भर्ती परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने की बात कही गई है. पार्टी ने पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराने का भी वादा किया है.
बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 5 हजार रुपये
सपा ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने का वादा किया है. इसके साथ ही कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक वर्ष पांच लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के जरिए वर्ष 2032 तक एक करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण रोजगार प्रभावित होने वाले युवाओं को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है. अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए पार्टी ने युवाओं को राज्य पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में रोजगार देने का ऐलान किया है. वहीं, छात्राओं के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास एवं करियर परामर्श केंद्र स्थापित करने का वादा किया गया है.
जातिगत जनगणना कराने का ऐलान, PDA के विकास पर जोर
समाजवादी पार्टी ने सामाजिक न्याय के अपने एजेंडे के तहत उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है. पार्टी ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है. दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का भी ऐलान किया गया है.
घोषणापत्र के मुताबिक, निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों की फीस सरकार की ओर से जमा की जाएगी. इसके अलावा अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के उत्थान के लिए बजट का 20 प्रतिशत खर्च करने का वादा किया गया है.
पांच रुपये में मिलेगी भोजन की थाली
सपा ने PDA वर्ग, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने का ऐलान किया है. इन कैंटीनों में जरूरतमंद लोगों को महज पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा प्रवासी मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू करने और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है.
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष योजनाएं
समाजवादी पार्टी ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम लाने की बात कही है. बुजुर्गों की देखभाल और सामाजिक गतिविधियों के लिए वृद्धाश्रम एवं क्लब स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है. वहीं, दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के साथ उनके लिए सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार करने का वादा किया गया है.
सरकारी ठेकों में आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व
समाजवादी पार्टी ने सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात कही है. इसके साथ ही अनुसूचित जनजाति और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित करने का भी ऐलान किया गया है.


