पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और माहिरा खान की आगामी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. 4 दिसंबर को प्रस्तावित वैश्विक रिलीज से पहले अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस मामले में हस्तक्षेप किया है. सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में निर्मित फिल्मों एवं वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग पर उपलब्ध नहीं कराने को कहा है. मंत्रालय के इस कदम के बाद भारत में सीरीज की रिलीज पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं.
नेटफ्लिक्स को याद दिलाया पुराना आश्वासन
सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दी गई उसकी प्रतिबद्धता याद दिलाई है. उस समय नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए उसके प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तान में निर्मित कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं है. अब मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से अपने पुराने आश्वासन पर कायम रहने को कहा है.
बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में संभावित रिलीज को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं. इन्हीं शिकायतों के बाद मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म को पहले से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है.
AICWA ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा था पत्र
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी इस पाकिस्तानी वेब सीरीज की भारत में रिलीज का विरोध किया था. संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि सीरीज को किसी भी भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज या स्ट्रीम करने की अनुमति नहीं दी जाए.
एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स इंडिया समेत सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों, पॉडकास्ट और अन्य मनोरंजन सामग्री का प्रसारण रोकने की अपील की थी. संगठन ने अपने पत्र में पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों का उल्लेख करते हुए पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के प्रसारण पर आपत्ति जताई थी. साथ ही ऐसे कंटेंट पर स्थायी प्रतिबंध लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान करने वाला कानून बनाने की मांग भी की थी.
नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज है. इसका निर्माण मोमिना दुरैद फिल्म्स के बैनर तले किया गया है, जबकि नेटफ्लिक्स की मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका टीम ने इसे कमीशन किया है. यह सीरीज मशहूर लेखिका फरहत इश्तियाक के वर्ष 2013 में प्रकाशित इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है.
सीरीज की कहानी तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों के माध्यम से प्यार, बिछड़ने, माफी और रिश्तों की जटिलताओं को दर्शाती है. इसकी कहानी पाकिस्तान से लेकर यूरोप तक फैली हुई है सीरीज की शूटिंग रोम समेत कई अंतरराष्ट्रीय लोकेशंस पर की गई है.
फवाद-माहिरा समेत कई पाकिस्तानी सितारे आएंगे नजर
इस वेब सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आएगी. इनके अलावा हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, बिलाल अशरफ, माया अली और इकरा अजीज समेत पाकिस्तानी मनोरंजन जगत के कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
4 दिसंबर को ग्लोबल रिलीज, भारत में स्ट्रीमिंग पर सस्पेंस
नेटफ्लिक्स ने ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की वैश्विक रिलीज के लिए 4 दिसंबर 2026 की तारीख निर्धारित की है. हालांकि, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देश और AICWA के विरोध के बीच भारतीय दर्शकों के लिए इसकी उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. नेटफ्लिक्स की ओर से अभी तक भारत में सीरीज की स्ट्रीमिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.


