सपा पर बयानबाजी के बीच इमरान मसूद को खरगे की नसीहत, बोले- काम पर ध्यान दो!

सपा को लेकर इमरान मसूद की बयानबाजी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें नसीहत दी. खरगे ने कहा कि नेताओं को बयानबाजी के बजाय अपने काम पर ध्यान देना चाहिए.
मल्लिकार्जुन खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी सांसद इमरान मसूद को नसीहत दी है. गुरुवार (26 नवंबर) को लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर बोलते हुए सुनते हैं, लेकिन बोलने से ज्यादा काम करने की जरूरत है. उन्होंने इमरान मसूद की तारीफ करते हुए यह भी कहा कि वह पार्टी के लिए लड़ते हैं और लड़कर अपनी बात मनवाते हैं.

‘आपस में लड़ते रहेंगे तो किसी को कुछ नहीं मिलेगा’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि यदि सभी मिलकर काम करेंगे तो जीत जरूर मिलेगी, लेकिन आपस में लड़ते रहने से किसी को कुछ हासिल नहीं होगा.

खरगे ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी जिएगी, कांग्रेस पार्टी कभी मरने वाली नहीं है. अब ऐसा नेता आया है, जो किसी से नहीं डरता है. कोई उसे नहीं डरा सकता है.’

सपा के खिलाफ लगातार बयान दे रहे इमरान मसूद

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद आगामी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे और समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने को लेकर लगातार नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. कांग्रेस को कम सीटें देने के प्रस्ताव और उनके प्रभाव वाले क्षेत्र में सपा की ओर से उम्मीदवार उतारे जाने को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं.

बुधवार को एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में इमरान मसूद ने कहा था कि गठबंधन इस तरह नहीं चलता है. गठबंधन के भीतर एक गरिमा होनी चाहिए. एक तरफ दोनों दलों के बीच बैठकों में बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची मीडिया के माध्यम से सामने आ रही है.

’26 सीटों का प्रस्ताव हमने पहले ही ठुकरा दिया था’

इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने के प्रस्ताव पर कहा कि उनकी पार्टी पहले ही इसे अस्वीकार कर चुकी है. उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

उन्होंने दावा किया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश के लोगों को विश्वास हुआ कि राहुल गांधी ही बीजेपी से मुकाबला कर सकते हैं. वहीं, वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन के बावजूद समाजवादी पार्टी केवल पांच सीटें जीत सकी थी. सपा की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर तंज कसते हुए मसूद ने कहा कि यदि सूची जारी ही करनी है तो सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दीजिए, यह आपका फैसला है.

गठबंधन में बातचीत की गंभीरता पर उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के साथ अगली बैठक को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि इसका फैसला कांग्रेस नेतृत्व करेगा. फिलहाल बैठक की कोई तारीख निर्धारित नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि गठबंधन आपसी सहयोग से चलता है, जिसमें किसी दल का योगदान छोटा तो किसी का बड़ा हो सकता है. उन्होंने मौजूदा बातचीत में गंभीरता की कमी होने की बात कही.

सपा सांसद राजीव राय का पलटवार, बोले- ‘बयानबाजी से बीजेपी को फायदा’

इमरान मसूद के बयानों पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उसके नेता इस तरह के बयान क्यों दे रहे हैं। सपा अपना घोषणापत्र जारी कर रही है और कांग्रेस नेताओं को उस पर भी आपत्ति है. राजीव राय ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की सीटों की मांग पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस 2017 के आधार पर उतनी ही सीटों की मांग कर रही है, तो उसे उस चुनाव के परिणामों पर भी विचार करना चाहिए.

सपा सांसद ने कहा कि दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व समझदार है और दोनों का उद्देश्य बीजेपी को हराना है. उन्होंने कांग्रेस नेताओं को मीडिया में लगातार बयानबाजी करने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इस तरह के बयानों से केवल बीजेपी को फायदा होता है.

संबंधित खबरें

सपा पर बयानबाजी के बीच इमरान मसूद को खरगे की नसीहत, बोले- काम पर ध्यान दो!

संसद में फिर हलचल! मोदी सरकार ने बुलाया विशेष सत्र, तारीखों का भी ऐलान

बिहार में 935 पदों पर सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की भर्ती, 1 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन

कुंडा में फिर राजा भैया का चुनावी रण! जनसत्ता दल ने जारी की पहली लिस्ट

बेरोजगारों को 5 हजार रुपये भत्ता, 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, जानें सपा के घोषणापत्र की बड़ी बातें

Recommended Stories

सपा पर बयानबाजी के बीच इमरान मसूद को खरगे की नसीहत, बोले- काम पर ध्यान दो!

संसद में फिर हलचल! मोदी सरकार ने बुलाया विशेष सत्र, तारीखों का भी ऐलान

बिहार में 935 पदों पर सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की भर्ती, 1 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन

कुंडा में फिर राजा भैया का चुनावी रण! जनसत्ता दल ने जारी की पहली लिस्ट

बेरोजगारों को 5 हजार रुपये भत्ता, 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, जानें सपा के घोषणापत्र की बड़ी बातें